लखनऊ में डेंगू के 8 नए मरीज मिले

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़ लखनऊ न्यूज़ हेल्थ

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में डेंगू के मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। 19 अक्टूबर 2026 को जिले में डेंगू के आठ नए धनात्मक मरीज मिले। इनमें इंदिरा नगर में तीन, सिल्वर जुबली में दो तथा चंदरनगर, अलीगंज और टुड़ियागंज में एक-एक मरीज शामिल हैं। वहीं, मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर फैजुल्लागंज क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्वास्थ्य सर्वेक्षण कर लोगों को जरूरी दवाएं वितरित कीं और मौसमी बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया।

 

फैजुल्लागंज नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आसमा के नेतृत्व में क्षेत्रीय आशा एवं एएनएम की टीम ने जुगल विहार कॉलोनी और नंदा फार्म में 55 घरों का स्वास्थ्य सर्वेक्षण किया। इस दौरान लोगों को आवश्यक दवाएं, क्लोरीन की गोलियां और ओआरएस के पैकेट वितरित किए गए। साथ ही स्वच्छता बनाए रखने और मच्छरों से बचाव के उपायों के बारे में स्वास्थ्य शिक्षा दी गई।

 

मिलत नगर में 32 लोगों को मिली चिकित्सा सुविधा

 

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मिलत नगर की कच्ची ढाल में मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से 32 लोगों को चिकित्सा सुविधा प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त, क्षेत्र में जरूरतमंदों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय की टीम और 108 रोगी वाहन की 24 घंटे तैनाती की गई है।

 

मच्छरों का प्रजनन रोकने के लिए जारी की गई सलाह

 

डेंगू एवं अन्य वेक्टर जनित रोगों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घरों और आसपास पानी जमा न होने देने की अपील की है। पानी की टंकियों एवं बर्तनों को ढककर रखने, कूलर का पानी हर सप्ताह खाली कर उसकी सफाई करने और फूलदान, बर्ड बाथ सहित अन्य पात्रों का पानी नियमित रूप से बदलने की सलाह दी गई है। पुराने टायर, कबाड़, अनुपयोगी बोतलों और नारियल के खोल में पानी जमा न होने देने तथा इनका उचित निस्तारण करने पर भी जोर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *