लखनऊ में मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का निरीक्षण

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़ लखनऊ न्यूज़

महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डॉ. पवन कुमार अरुण ने निदेशक उपचार डॉ.एस के चौधरी,निदेशक विद्युत रवि कुमार तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन. बी. सिंह के साथ रविवार को नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फैजुल्लागंज और बरावन कला का भ्रमण कर मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, मरीजों को दिए जा रहे उपचार तथा स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

 

महानिदेशक ने पीएचसी फैजुल्लागंज की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आसमा को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से अपने क्षेत्र का भ्रमण करें और चिकित्सा शिविरों एवं जांच की व्यवस्थाओं की निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने क्षेत्र में संचारी रोगों से बचाव के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा लोगों को साफ-सफाई और मच्छरों से बचाव के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही, उन्होंने निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र बच्चा नियमित टीकाकरण से वंचित न रहे। महानिदेशक ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के माध्यम से आमजन को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि रोगों की समय रहते पहचान कर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, विशेषकर उन क्षेत्रों में जहां संचारी रोगों का खतरा अधिक है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, कहीं भी पानी जमा न होने दें और मच्छरों से बचाव के लिए आवश्यक उपाय अपनाएं। बुखार अथवा अन्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क कर चिकित्सकीय परामर्श लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *