लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों की रजिस्ट्री कराने के लिए 13 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 तक तीन दिवसीय विशेष निबंधन शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर प्राधिकरण भवन के कमेटी हॉल में लगाया जाएगा। इसके लिए एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने आदेश जारी कर दिए हैं। शिविर का उद्देश्य उन आवंटियों की संपत्तियों की रजिस्ट्री प्रक्रिया को पूरा करना है, जिनकी रजिस्ट्री अब तक नहीं हो सकी है।
एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि प्राधिकरण की ओर से समय-समय पर विभिन्न आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों का आवंटन किया गया है। इनमें कई ऐसी संपत्तियां हैं, जिनका आवंटन होने के बावजूद अब तक रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है। इसी को ध्यान में रखते हुए एलडीए और निबंधन विभाग के आपसी सहयोग से इस विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
शिविर के दौरान प्राधिकरण के सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी एक ही स्थान पर मौजूद रहेंगे। यहां आवंटियों की रजिस्ट्री से जुड़े दस्तावेज तैयार किए जाएंगे। साथ ही निबंधन और पंजीयन की प्रक्रिया भी मौके पर ही पूरी कराने की व्यवस्था की जाएगी। इससे आवंटियों को रजिस्ट्री के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है।
एलडीए के उप सचिव माधवेश कुमार ने बताया कि जिन आवंटियों ने अपनी संपत्ति की पूरी धनराशि जमा कर दी है, उन्हें कॉल सेंटर के माध्यम से रजिस्ट्री कराने के संबंध में सूचना भेजी जा रही है। ऐसे आवंटियों को शिविर में पहुंचकर रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इसके अलावा, जिन आवंटियों ने संपत्ति की कुल कीमत का 80 प्रतिशत या उससे अधिक भुगतान कर दिया है, उन्हें भी शेष धनराशि जमा करके रजिस्ट्री कराने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
एलडीए की इस पहल से लंबित रजिस्ट्रियों के मामलों का निस्तारण करने और आवंटियों को उनकी संपत्तियों के दस्तावेज उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।