नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मानसून की सक्रियता बनी हुई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, सोमवार 14 सितंबर को गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं दक्षिण भारत के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 14 और 15 सितंबर को पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, बिहार, सिक्किम और ओडिशा में बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है।
दक्षिण भारत में तेज हवाओं का अलर्ट
13 से 19 सितंबर के बीच कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं केरल, आंध्र प्रदेश और माहे में 14-15 सितंबर को तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
इन क्षेत्रों में बारिश के दौरान आंधी-तूफान और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। कई स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तेलंगाना में भी 14 और 15 सितंबर को 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
दिल्ली-NCR में हल्की बारिश के आसार
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में भी सोमवार को मौसम सुहाना रहने की संभावना है। दिल्ली-NCR में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कई जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। सुबह के समय बारिश का दौर देखने को मिल सकता है, जबकि दोपहर में भी कुछ इलाकों में बूंदाबांदी या बारिश होने की संभावना है। आंधी-तूफान की भी आशंका जताई गई है।
इसके अलावा 14 सितंबर को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में हल्की बारिश हो सकती है। पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।
ओडिशा के पांच जिलों में येलो अलर्ट
IMD ने ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार को क्योंझर, मयूरभंज, रायगढ़ा, कोरापुट और गजपति में भारी बारिश की चेतावनी है।
राज्य के कई अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, ओडिशा में 17 सितंबर तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है।
कई राज्यों में रविवार को हुई झमाझम बारिश
इससे पहले रविवार को पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और गुजरात समेत कई राज्यों में भारी बारिश हुई। बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कोलकाता के कई प्रमुख बाजारों में भी बारिश के कारण आवाजाही और खरीदारी प्रभावित हुई।