एशियन गेम्स 2026 की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से एशियन गेम्स का रोमांच देखने को मिलेगा, जिसमें क्रिकेट प्रतियोगिता भी शामिल है। भारत की महिला और पुरुष दोनों क्रिकेट टीमें इस महाकुंभ में भाग लेने जा रही हैं, जिसके लिए बीसीसीआई ने पहले ही भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है।
लेकिन बीते कुछ दिनों से आइची-नागोया में भारतीय खिलाड़ियों के ठहरने के इंतजामों को लेकर काफी चर्चा और कशमकश बनी हुई थी। अब इस पूरे विवाद और संशय पर बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने विराम लगा दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि टीम इंडिया के खिलाड़ी आयोजकों की ओर से तय की गई जगह पर ही ठहरेंगे और खिलाड़ियों की सहूलियत का पूरा ध्यान रखा गया है।
खिलाड़ियों के आवास को लेकर बीसीसीआई की तैयारी
आइची-नागोया में अंतरराष्ट्रीय स्तर के 5 स्टार होटलों की सीमित संख्या के कारण खिलाड़ियों के ठहरने को लेकर सवाल खड़े हो रहे थे। भारतीय दल के विदाई समारोह के दौरान बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने स्थिति साफ करते हुए कहा कि खिलाड़ी आयोजकों द्वारा उपलब्ध कराई गई व्यवस्था में ही रहेंगे।
बीसीसीआई लगातार इस बात पर नजर रख रहा है कि खिलाड़ियों को किस स्तर की सुविधाएं दी जा रही हैं। शुक्ला ने बताया कि यह व्यवस्था हालांकि 5 स्टार श्रेणी की नहीं है, लेकिन बेहद आरामदायक और सुरक्षित है। बोर्ड ने रुकने वाली जगह के फोटो और वीडियो मंगवाकर समीक्षा कर ली है। यदि खिलाड़ियों को कहीं और ठहराया जाता तो उन्हें ओसाका या टोक्यो में रुकना पड़ता, जो मैच के मुख्य स्थल से काफी दूर है।
कमरों की शेयरिंग नहीं करेंगे खिलाड़ी, 20 सितंबर को टोक्यो रवाना होगी टीम
खिलाड़ियों की निजता और आराम को ध्यान में रखते हुए राजीव शुक्ला ने यह भी साफ किया कि भारतीय क्रिकेटर्स कमरे शेयर नहीं करेंगे। सभी खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग कमरों का इंतजाम किया गया है, ताकि उन्हें किसी तरह की असुविधा न हो।
एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम 20 सितंबर को टोक्यो के लिए रवाना होगी। वहां 22 सितंबर को भारतीय टीम जापान के खिलाफ एक ऐतिहासिक टी20 इंटरनेशनल मैच खेलेगी। इसके बाद एशियन गेम्स के मुख्य मुकाबलों में उतरते हुए भारतीय टीम 28 सितंबर को अपना पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेलेगी।