देशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से बदलने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से मानसून की गतिविधियां फिर से जोर पकड़ रही हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 8 से 10 सितंबर के दौरान पश्चिम बंगाल के मैदानी क्षेत्रों में, 8 से 11 सितंबर तक झारखंड में और 9 से 14 सितंबर के बीच बिहार के विभिन्न हिस्सों में बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना है। इसके अलावा ओडिशा में 10 से 12 सितंबर के बीच तेज बारिश का अनुमान जताया गया है।
भारत में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने पूर्वी भारत के अलावा देश के अन्य राज्यों के लिए भी चेतावनी जारी की है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भी आने वाले दिनों में बादलों की आवाजाही और भारी बारिश देखने को मिल सकती है।
छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में 10 से 14 सितंबर तक झमाझम बारिश के आसार हैं। इसके साथ ही कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा क्षेत्रों में भी 8 से 14 सितंबर के दौरान कई स्थानों पर मूसलाधार बारिश का अनुमान है।
बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र
आईएमडी के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र के साथ लगते उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा तट के पास 11 सितंबर के आसपास एक नया लो-प्रेशर एरिया (कम दबाव का क्षेत्र) बनने जा रहा है।
इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से पूर्वी भारत के राज्यों में बारिश की गतिविधियां और ज्यादा तेज होंगी। 10 सितंबर को ओडिशा के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि 8 सितंबर से ही तटीय क्षेत्रों में गरज-चमक और हवाओं की रफ्तार बढ़ने के संकेत दिए गए हैं।
राजधानी दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
अगर देश की राजधानी दिल्ली की बात करें, तो यहां फिलहाल आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बौछारें पड़ने की संभावना है। दिल्ली के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं देखा गया है और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
दिल्ली में हाल में न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा कम दर्ज किया गया है। मौसम केंद्रों के आंकड़ों के मुताबिक पालम में 22.6 डिग्री, लोधी रोड में 24.3 डिग्री और आयानगर में 24.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 11 सितंबर के बाद से दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।