समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यूपी की बीजेपी सरकार पर विकास परियोजनाओं, बाढ़ और कानून-व्यवस्था को लेकर जमकर निशाना साधा।
राम वन गमन पथ और एक्सप्रेसवे से लेकर सहारनपुर की घटना तक उन्होंने सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। अखिलेश ने कहा कि सरकार विकास के नाम पर बड़े-बड़े प्रोजेक्ट तो बना रही है, लेकिन जमीनी हालात खराब हैं।
हाईवे प्रोजेक्ट्स पर बड़ा आरोप
राम वन गमन पथ को लेकर अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि ‘हाइवे इसलिए बना रहे हैं कि इनकी जेब भर जाए।’ उन्होंने कानपुर एक्सप्रेसवे बनाने वाली कंपनी को बोनस दिए जाने का भी दावा किया। वाराणसी, गोरखपुर और प्रयागराज में विकास कार्यों पर सवाल उठाते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि इन शहरों में भारी रकम खर्च की गई, लेकिन बारिश के बाद कई इलाकों में पानी भरा हुआ है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ‘प्रधान संसदीय क्षेत्र और मुख्य संसदीय क्षेत्र दोनों में नाव चल रही है। एक क्योटो बन रहा है और एक स्पेन।’ अखिलेश ने दावा किया कि विकास के नाम पर सब कुछ ‘धुआं-धुआं’ कर दिया गया है।
सहारनपुर मस्जिद गिराने पर सवाल
सहारनपुर मामले को लेकर भी अखिलेश यादव ने सरकार और पुलिस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस चोर-डकैतों को पकड़ने के बजाय समाजवादी पार्टी के नेताओं के घरों पर जा रही है। PDA को लेकर उन्होंने कहा कि ‘PDA में A का मतलब तो आप सब जानते हैं।’ साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कई प्रोजेक्ट में मुख्यमंत्री खुद इंजीनियर की भूमिका में नजर आ रहे हैं।
सहारनपुर में मस्जिद गिराए जाने के मामले पर अखिलेश यादव ने सवाल उठाते हुए कहा कि ‘क्या जरूरत थी कि इतनी जल्दी मस्जिद गिरा दी गई?’ उन्होंने कहा कि देश में सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट हैं और आरोप लगाया कि साजिश के तहत मस्जिद गिराई गई है। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार को कानून और न्यायिक प्रक्रिया का पालन करना चाहिए था।
साधु-संतों के वीडियो पर भी बोले अखिलेश
साधु-संतों से जुड़े वीडियो को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी साधु-संतों का हमेशा सम्मान करती है, लेकिन सवाल उठाया कि वे किस तरह के वीडियो बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अगर कोई आपत्तिजनक गाना या वीडियो बनाया जाएगा तो उसकी प्रतिक्रिया भी सामने आएगी। अखिलेश ने कहा कि ‘अगर कोई गाना बनाएगा ‘मुन्नी बदनाम हुई’, अगर ऐसा गाना आएगा तो हम भी जवाब देंगे।’