दलीप ट्रॉफी के फाइनल में साउथ जोन के खिलाफ ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने दोहरा शतक तो लगा दिया, लेकिन उनकी एक ख्वाहिश अधूरी रह गई। वे अपने तिहरे शतक के बेहद करीब थे, लेकिन इससे बाल-बाल चूक गए। इसके बावजूद उन्होंने कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए और ईस्ट जोन को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
334 गेंदों में 270 रन की पारी
ईशान किशन ने फाइनल मुकाबले में 334 गेंदों पर 270 रनों की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 30 चौके और 7 छक्के लगाए। वह तिहरा शतक पूरा करने से सिर्फ 30 रन दूर रहे।
ईशान 30 रन और बना लेते तो दलीप ट्रॉफी में तिहरा शतक लगाने वाले केवल तीसरे बल्लेबाज बन जाते। इस टूर्नामेंट में रमन लांबा और गगन खोड़ा ही इससे पहले तिहरा शतक लगाने में सफल रहे हैं।
ईस्ट जोन के लिए ऐतिहासिक उपलब्धियां
ईशान किशन दलीप ट्रॉफी फाइनल में ईस्ट जोन की ओर से दोहरा शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने। वह फाइनल में दोहरा शतक लगाने वाले पहले विकेटकीपर-कप्तान भी बने और दलीप ट्रॉफी फाइनल में 250 रन का आंकड़ा पार करने वाले पहले कप्तान बने।
उन्होंने इसी पारी के दौरान प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 4,000 रन पूरे किए और अपना 10वां फर्स्ट-क्लास शतक लगाया। यह उनके फर्स्ट-क्लास करियर का दूसरा दोहरा शतक भी है।
ईस्ट जोन का विशाल स्कोर
ईस्ट जोन ने 163 ओवर में पहली पारी में 708 रन बनाए। कुमार कुशाग्र ने 101 रन की अहम पारी खेली, जिससे ईशान के दोहरे शतक के साथ टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचने में मदद मिली।