शुभमन गिल का तूफानी अंदाज, 21 गेंदों में 40 रन

टॉप -न्यूज़ न्यूज़ राष्ट्रीय स्पोर्ट्स

शेर-ए-पंजाब टी20 लीग 2026 के 15वें मुकाबले में रविवार को फाजिल्का फाल्कन्स ने लुधियाना लॉयन्स को बेहद रोमांचक मुकाबले में महज 1 रन से हरा दिया। इस मुकाबले में भारत के वनडे और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने फाजिल्का फाल्कन्स की ओर से शानदार बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंदों में 40 रन बनाए। वहीं, लुधियाना लॉयन्स के कप्तान अर्शदीप सिंह गेंदबाजी में बेहद महंगे साबित हुए और अपने चार ओवर में 51 रन लुटा दिए।

गिल ने 21 गेंदों में ठोके 40 रन

फाजिल्का फाल्कन्स की ओर से शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा 40 रन बनाए। उन्होंने अपनी तेजतर्रार पारी में 7 चौके और 1 छक्का लगाया। उनका स्ट्राइक रेट 190.48 रहा। हालांकि, गिल अपना अर्धशतक पूरा करने से चूक गए। उनके अलावा प्रेरित दत्ता ने 36 और विकेटकीपर ईश राव ने 25 रन का योगदान दिया।

फाजिल्का की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 170 रन बनाए। लुधियाना की ओर से कार्तिक चड्ढा सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 9 रन देकर 4 विकेट झटके।

अर्शदीप की गेंदबाजी रही महंगी

लुधियाना लॉयन्स के कप्तान अर्शदीप सिंह के लिए यह मुकाबला गेंद से अच्छा नहीं रहा। उन्होंने चार ओवर में 51 रन दिए और उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला। उनकी इकॉनमी 12.80 की रही। इस दौरान उन्होंने 3 वाइड और 1 नो-बॉल भी फेंकी।

आखिरी ओवर में जीत से 2 रन दूर रह गई लुधियाना

171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लुधियाना लॉयन्स ने शुरुआत अच्छी की। पहले विकेट के लिए कार्तिक शर्मा और अभिजीत गर्ग ने 33 रन जोड़े। कार्तिक ने 32 और अभिजीत ने 17 रन बनाए। इसके बाद मध्यक्रम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सका।

अरुण राजपूत ने 19 गेंदों में 27 रन बनाए। मुकाबला आखिरी ओवर तक पहुंचा, जहां लुधियाना को जीत के लिए 19 रन चाहिए थे। माधव सिंह और कृष भगत ने आखिरी ओवर में 17 रन जरूर बनाए, लेकिन टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी और 20 ओवर में 7 विकेट पर 169 रन ही बना पाई।

इस तरह फाजिल्का फाल्कन्स ने रोमांचक अंदाज में मुकाबला 1 रन से अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ फाजिल्का के खाते में महत्वपूर्ण अंक जुड़ गए और टीम पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर पहुंच गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *