दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत ढही, 5 की मौत

टॉप -न्यूज़ न्यूज़ प्रदेश राजनीती राष्ट्रीय

नई दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक करीब पांच मंजिला पुरानी इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे के वक्त इमारत में PG भी संचालित हो रहा था। इमारत गिरने से कई लोग मलबे में दब गए। अब तक पांच लोगों की मौत की खबर है, जबकि तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। राहत और बचाव अभियान के दौरान 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। तीन घायलों को बेहतर इलाज के लिए AIIMS ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

बेसमेंट में चल रहा था काम

दिल्ली पुलिस के शुरुआती बयान के मुताबिक, यह इमारत करीब 40 से 50 साल पुरानी थी। इसमें एक बेसमेंट और पांच ऊपरी मंजिलें थीं। हादसे के समय बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी बताया कि इमारत के बेसमेंट में पिछले कुछ समय से काम किया जा रहा था।

बताया जा रहा है कि इस इमारत में छात्रों के लिए PG चल रहा था और हादसे के वक्त रविवार की छुट्टी होने के कारण कई छात्र इमारत में मौजूद थे। मलबा गिरने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने भी तत्काल राहत कार्य में मदद शुरू कर दी।

दमकल की आठ गाड़ियां मौके पर

हादसे की सूचना रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे दिल्ली फायर सर्विस को मिली। सूचना मिलते ही दमकल की आठ गाड़ियां और अलग-अलग विभागों की बचाव टीमें मौके पर भेजी गईं। दिल्ली पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी।

DDMA, NDRF, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, MCD, CATS और सिविल डिफेंस की टीमें संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए अत्याधुनिक उपकरणों के साथ-साथ स्थानीय लोगों की मदद भी ली जा रही है।

एक महीने पहले मिला था नोटिस?

चश्मदीदों के मुताबिक, इमारत को लेकर करीब एक महीने पहले नोटिस भी दिया गया था। यह भी दावा किया जा रहा है कि लगभग एक साल पहले इमारत को खाली कराया गया था, जबकि PG का संचालन करीब दो महीने पहले शुरू हुआ था। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी जांच का विषय है।

मौके से सामने आए दृश्यों में मलबे के नीचे एक व्यक्ति का पैर फंसा हुआ दिखाई दिया। बचावकर्मी लगातार मलबा हटाकर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश करते रहे।

बिल्डिंग मालिक के खिलाफ FIR

पुलिस ने मामले में बिल्डिंग मालिक के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है और उनकी तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि हरिओम बंसल और उनके भाई आनंद बंसल इस संपत्ति के मालिक हैं और गुरुग्राम में रहते हैं। उनके कई PG संचालित होने की भी जानकारी सामने आई है।

PM मोदी और अमित शाह ने जताया दुख

हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दुख जताया है। पीएम मोदी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री, पुलिस कमिश्नर और NDRF के महानिदेशक से बात कर घटनास्थल के हालात की जानकारी ली है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि बेसमेंट में चल रहे काम और अधिकारियों की संभावित लापरवाही की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और मलबे में अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका के चलते बचाव दल पूरी सावधानी से काम कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *