मेरठ में बारिश के बीच भरभराकर गिरा जर्जर मकान

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़ प्रदेश मेरठ राष्ट्रीय

उत्तर प्रदेश के मेरठ में शनिवार, 6 सितंबर को तेज बारिश के बीच बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शारदा रोड पर एक पुराना और जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान के गिरते ही तेज आवाज हुई, जिससे आसपास के बाजार और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के दौरान मकान का भारी मलबा सड़क किनारे खड़ी एक कार के ऊपर जा गिरा। मलबे की चपेट में आने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

कार में कोई नहीं था, टला बड़ा हादसा

जिस कार पर मकान का मलबा गिरा, वह दिल्ली के व्यापारी नीमेष गुप्ता की बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि जिस समय मकान गिरा, उस वक्त कार के अंदर कोई मौजूद नहीं था। वहीं, सड़क से गुजर रहे लोग भी मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।

मकान अचानक गिरने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद सड़क को साफ कर यातायात सुचारू कराया गया।

नाला निर्माण के दौरान नींव के पास हुई खुदाई?

बताया गया कि यह जर्जर मकान दिल्ली चुंगी निवासी सोहन लाल गोयल का है। मकान की हालत पहले से ही काफी खराब थी और सुरक्षा को देखते हुए इसे काफी समय पहले खाली करा दिया गया था।

मकान मालिक ने आरोप लगाया कि नगर निगम की ओर से ‘सीएम ग्रिड योजना’ के तहत सड़क किनारे नाले का निर्माण कराया जा रहा था। नाला निर्माण के दौरान मकान की नींव के बेहद करीब खुदाई की गई। उनका दावा है कि इसके बाद इमारत की दीवारें तिरछी होने लगीं और उनमें बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गईं।

लगातार हो रही बारिश के कारण दीवारों ने पानी सोख लिया और इमारत और कमजोर हो गई। इसके बाद शनिवार को अचानक मकान का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा।

DM और SSP को दी थी लिखित शिकायत

मकान मालिक का दावा है कि उन्हें पहले ही इमारत के गिरने का अंदेशा था। उन्होंने इस संबंध में जिलाधिकारी (DM), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) और नगर निगम को लिखित शिकायत देकर समय रहते कार्रवाई की मांग की थी। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद संबंधित अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।

भवन स्वामी के मुताबिक, मकान के ग्राउंड फ्लोर पर बनी दुकान में एक किरायेदार का कब्जा भी है। दुकान खाली नहीं होने के कारण वह खुद खतरनाक इमारत को पूरी तरह ध्वस्त नहीं करा पा रहे थे।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम घटना के बाद मौके पर मौजूद रही। मकान गिरने के कारणों और नाला निर्माण के दौरान हुई कथित खुदाई से इमारत की नींव पर पड़े प्रभाव की जांच की जा रही है। राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *