जनता दर्शन में सीएम योगी ने महिला को दिलाई गाय

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़ लखनऊ न्यूज़

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित जनता दर्शन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने एक महिला की गोपालन के जरिए आत्मनिर्भर बनने की इच्छा पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, एक दिव्यांग व्यक्ति की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत का भी संज्ञान लिया।

महिला ने मांगी गाय, सीएम योगी ने दिए तत्काल निर्देश

सीतापुर के हरगांव स्थित गुरुदेव नगर की रहने वाली पूनम देवी जनता दर्शन में मुख्यमंत्री से मिलीं। उन्होंने बताया कि उनके पास पहले से पांच गाय हैं और अन्य गोवंश को रखने के लिए पर्याप्त जगह भी उपलब्ध है। पूनम ने मुख्यमंत्री से एक और गाय उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, ताकि गोपालन और दूध की बिक्री के जरिए वह अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकें।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी मांग पर तत्काल अपर मुख्य सचिव (पशुधन) को निर्देश दिए कि पूनम को नियमानुसार निराश्रित गाय उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही उन्हें मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत गोवंश की देखभाल के लिए मिलने वाली आर्थिक सहायता और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने को भी कहा गया।

दिव्यांग की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत

जनता दर्शन में एक दिव्यांग व्यक्ति ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत रखी। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएम योगी ने अधिकारियों को जमीन की जांच कराने और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पीड़ित को यथासंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात भी कही।

अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीएम योगी ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *