चंदौली। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के शहाबगंज थाना क्षेत्र के किड़हिरा गांव में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। बंद कुएं में फंसे समरसेबल पंप को निकालने उतरे चार लोग अचानक जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए। हादसे के बाद ग्रामीणों और पुलिस की मदद से चारों को कुएं से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं चौथे युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
समरसेबल पंप निकालने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, किड़हिरा गांव में एक कुएं के अंदर खराब समरसेबल पंप को बाहर निकालने का काम चल रहा था। इसी दौरान एक-एक कर चार लोग कुएं के अंदर उतर गए। बताया जा रहा है कि कुएं में पहले से जहरीली गैस मौजूद थी। गैस के संपर्क में आते ही चारों लोग बेहोश होकर कुएं के भीतर गिर पड़े।
कुछ देर तक जब कुएं के अंदर से कोई हलचल नहीं हुई और आवाज लगाने के बावजूद किसी ने जवाब नहीं दिया तो बाहर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही शहाबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद चारों लोगों को कुएं से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
हादसे में जमाल, तौकीर आलम और वारिस अली की मौत हो गई। तीन लोगों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं समशेर को गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जहरीली गैस से दम घुटने की आशंका
पुलिस प्रशासन के मुताबिक, प्रथम दृष्टया कुएं में लंबे समय से जमा जहरीली गैस के कारण दम घुटने से हादसा होने की आशंका है। अधिकारियों ने मीथेन या कार्बन मोनोऑक्साइड जैसी गैस के मौजूद होने की संभावना जताई है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।