लद्दाख चेकपोस्ट विवाद माफी: ‘Gen Z’ वाली पर्यटक ने मांगी सेना से माफी

टॉप -न्यूज़ न्यूज़ राष्ट्रीय

लद्दाख के मिनिमर्ग चेकपोस्ट पर सुरक्षा कर्मियों और जवानों से तीखी बहस करने वाली महिला पर्यटक का एक नया बयान सामने आया है। कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में खुद को ‘Gen Z’ बताते हुए सेना के जवानों से उलझने वाली इस पर्यटक ने अब अपने किए पर गहरा अफसोस जताया है और सीधे भारतीय सेना के जवानों से हाथ जोड़कर माफी मांगी है।

‘छोटी बहन समझकर माफ कर दें जवान भाई’

महिला ने अपने बयान में कहा कि चेकपोस्ट पर जो कुछ भी हुआ, वह उसकी बहुत बड़ी गलती थी और उसे इसका गहरा पछतावा है। उसने कहा, “कृपया मेरे देश के जवान भाई, मुझे माफ कर दो और अपनी छोटी बहन समझकर छोड़ दो।” महिला ने भारतीय सेना की तारीफ करते हुए माना कि जवान सीमाओं पर कठिन परिस्थितियों में तैनात रहते हैं, ताकि पूरा देश सुरक्षित और चैन से सो सके। उसने स्वीकार किया कि गुस्से और हताशा में उससे भारी भूल हुई थी।

क्या था मिनिमर्ग चेकपोस्ट का पूरा मामला

दरअसल, यह विवाद लद्दाख के मिनिमर्ग चेकपोस्ट पर ट्रैफिक रोके जाने के बाद शुरू हुआ था। काफी देर तक गाड़ियां रोके जाने से नाराज पर्यटक ने सुरक्षा कर्मियों पर सवाल उठाने शुरू कर दिए थे। वीडियो में उसने कहा था कि ‘हम Gen Z हैं और ऐसी चीजें बर्दाश्त नहीं करेंगे।’ इतना ही नहीं, उसने टैक्स और सैलरी का हवाला देते हुए जवानों पर अनुचित टिप्पणियां की थीं और बाकी लोगों को भी साथ आने को कहा था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने उसके बर्ताव की कड़ी निंदा की थी।

नेताओं और पूर्व सैन्य अधिकारियों ने जताई थी नाराजगी

इस मामले पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और कई पूर्व सैन्य अधिकारियों ने सख्त प्रतिक्रिया दी थी। उमर अब्दुल्ला ने तंज कसते हुए कहा था कि ‘Gen Z’ की आड़ में यह व्यवहार पुराने ‘तू जानता नहीं मेरा बाप कौन है’ जैसा ही नजर आता है। हालांकि, अब महिला द्वारा अपनी गलती मान लेने और जवानों से सार्वजनिक माफी मांगने के बाद यह मामला शांत होता दिख रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *