हरियाली तीज पर वृंदावन में उमड़ा आस्था का सैलाब

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़ प्रदेश

ब्रज की पावन भूमि पर हरियाली तीज और स्वतंत्रता दिवस के लंबे वीकेंड को लेकर भक्तों में जबरदस्त उत्साह है। वृंदावन में चारों तरफ भक्ति और उल्लास का माहौल बना हुआ है। इस खास अवसर पर श्रीठाकुर बांके बिहारी जी के विशेष श्रृंगार और दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। हरियाली तीज पर ठाकुर जी साल में सिर्फ एक बार सोने-चांदी के विशाल हिंडोले में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देते हैं।

8 लाख की पोशाक में सजे बांके बिहारी

हरियाली तीज के अवसर पर ठाकुर बांके बिहारी जी ने हरे रंग की जरी और कढ़ाई से सजी बेहद आकर्षक पोशाक धारण की है। इसकी कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है। वहीं ठाकुर जी के लिए तैयार किया गया ऐतिहासिक हिंडोला 1000 किलो चांदी और 10 किलो सोने की परत से तैयार किया गया है।

इस भव्य हिंडोले को तैयार करने में करीब 20 कारीगरों को पांच साल का समय लगा। हिंडोले में विराजमान बांके बिहारी जी के साथ अष्ट सखियों की विशेष सजावट भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

14 घंटे खुले रहेंगे मंदिर के पट

भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए इस बार दर्शन व्यवस्था में बदलाव किया गया है। मंदिर के पट कुल 14 घंटे खुले रखने की व्यवस्था की गई है। सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक दर्शन होंगे, जबकि शाम को 4:15 बजे से रात 11 बजे तक श्रद्धालु ठाकुर जी के दर्शन कर सकेंगे।

श्रद्धालुओं की सुविधा और गर्मी से राहत के लिए प्रशासन और मंदिर व्यवस्था से जुड़े लोगों की ओर से बड़ी संख्या में पानी की बोतलों का वितरण भी किया जा रहा है।

5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान

स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी और हरियाली तीज के कारण वृंदावन तथा आसपास के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। बांके बिहारी मंदिर, श्री कृष्ण जन्मस्थान, प्रेम मंदिर और बरसाना स्थित राधा रानी मंदिर में 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वृंदावन को चार सुपर जोन और 18 सेक्टर में बांटा गया है। सुरक्षा के लिए पुलिस बल के साथ पीएसी और एनडीआरएफ की टीमें भी तैनात की गई हैं।

बाहरी वाहनों की एंट्री पर रोक

श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। 14 अगस्त की मध्यरात्रि से बाहरी वाहनों के वृंदावन में प्रवेश पर रोक लगाई गई है। छटीकरा, वैष्णो देवी तिराहा, रुकमणि बिहार गोलचक्कर और मथुरा-वृंदावन मार्ग से भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए आईटीआई पार्किंग, मंडी पार्किंग, मल्टीलेवल पार्किंग, वैष्णो देवी पार्किंग और सौ-फुटा रोड सहित कई स्थानों पर विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें, ताकि दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *