महाराष्ट्र की आर्थिक राजधानी मुंबई में क्राइम ब्रांच की यूनिट-7 ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले नेटवर्क पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने साकीनाका इलाके से एक शातिर आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से दो ऑटोमैटिक पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मुंबई में फैले अवैध हथियारों के नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है।
गुप्त सूचना के आधार पर होटल अशोका इन के पास बिछाया गया जाल
क्राइम ब्रांच को अपने विश्वसनीय सूत्रों से गुप्त जानकारी मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध हथियारों की बड़ी खेप बेचने के इरादे से मुंबई आया हुआ है। वह घाटकोपर पश्चिम स्थित असल्फा के ‘होटल अशोका इन’ में ठहरा हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीम ने इलाके में घेराबंदी की और होटल के बाहर जाल बिछाकर आरोपी को हथियारों के साथ धर दबोचा। आरोपी के खिलाफ साकीनाका पुलिस स्टेशन में आर्म्स एक्ट और महाराष्ट्र पुलिस एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर आगे की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है।
आरोपी पर यूपी में दर्ज हैं हत्या और लूट के कई मामले
क्राइम ब्रांच की शुरुआती जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पकड़ा गया आरोपी उत्तर प्रदेश का एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसके खिलाफ गोरखपुर जिले के शाहपुर और खोराबाद थानों में हत्या के दो अलग-अलग मामले दर्ज हैं। इन दोनों संगीन वारदातों में अवैध हथियारों का इस्तेमाल किया गया था। इसके अलावा उसके खिलाफ यूपी के महाराजगंज जिले के समदे उलवा थाने में लूट का मामला भी दर्ज पाया गया है।
हथियारों की सप्लाई चेन खंगालने में जुटी पुलिस
फिलहाल क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस का मुख्य ध्यान इस बात पर है कि उसने मुंबई में ये हथियार किससे खरीदे थे या वह इन्हें किस गैंगस्टर अथवा आपराधिक गिरोह को सप्लाई करने वाला था। पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे एक बड़ा अंतरराज्यीय गिरोह काम कर रहा है, इसलिए सप्लाई चेन से जुड़े अन्य संदिग्धों की भी तलाश तेजी से की जा रही है।