आज का मौसम बारिश अलर्ट: देश के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

इमेज गैलरी गैलरी टॉप -न्यूज़ न्यूज़ प्रदेश राष्ट्रीय

देश में मॉनसून की रफ्तार एक बार फिर तेज होने जा रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने एक नए मानसूनी सिस्टम की वजह से देश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने वाली हैं। आने वाले दिनों में पूर्वी, मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत के बड़े हिस्से में अच्छी बारिश होने का अनुमान जताया गया है।

बंगाल की खाड़ी में बना नया सिस्टम बढ़ाएगा मॉनसून की रफ्तार

मौसम विभाग ने बताया है कि पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तटों के पास बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से में एक चक्रवाती परिसंचरण की वजह से नया कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। यह सिस्टम अगले 12 से 24 घंटों में और मजबूत होकर डिप्रेशन में बदल सकता है। इस मानसूनी तंत्र के उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने के कारण आने वाले दिनों में पश्चिम बंगाल, ओडिशा और मध्य भारत के क्षेत्रों में तेज बारिश देखने को मिलेगी।

दिल्ली-NCR में हल्की बारिश और सुहावने मौसम का अनुमान

राजधानी दिल्ली और आसपास के NCR इलाकों में गुरुवार को मौसम काफी हद तक सुहावना और शांत बने रहने की संभावना है। दिन भर आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में सुबह से शाम के बीच बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। इसके बाद 14 अगस्त से दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश का दायरा और बढ़ेगा।

देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने गंगा के तटीय इलाकों वाले पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। इसके अलावा छत्तीसगढ़, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, केरल, कर्नाटक और कोंकण-गोवा में भी कई स्थानों पर तेज बारिश होने का अनुमान है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी लगातार मानसूनी बारिश जारी रहने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *