साल 2007 की सुपरहिट फिल्म ‘चक दे! इंडिया’ में आंध्र प्रदेश की हॉकी खिलाड़ी गुंजन लखानी का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री शुभी मेहता अब फिल्मी दुनिया से पूरी तरह दूर हैं। कभी शाहरुख खान के साथ बड़े पर्दे पर नजर आने वाली शुभी ने बॉलीवुड छोड़कर कॉरपोरेट सेक्टर में अपना करियर बनाया और आज एक सफल प्रोफेशनल होने के साथ-साथ सिंगल मदर के रूप में अपनी नई पहचान बना चुकी हैं।
‘एमटीवी रोडीज’ से अपने करियर की शुरुआत करने वाली शुभी ने ‘चक दे! इंडिया’ से जबरदस्त पहचान हासिल की थी। हालांकि, कुछ वर्षों बाद उन्होंने अभिनय की दुनिया को अलविदा कह दिया और कॉरपोरेट क्षेत्र में कदम रखा। शादी, तलाक और जीवन की कठिन चुनौतियों के बाद उन्होंने बेटे वेद को गोद लिया, जिसे वह अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी उपलब्धि मानती हैं। आज वे बेंगलुरु में अपने बेटे की परवरिश के साथ प्रोफेशनल जिंदगी भी संभाल रही हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर उनकी नई तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद एक बार फिर वह चर्चा में हैं।