नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के जगतपुर गांव में गुरुवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब स्कूल से घर लौट रहे तीन स्कूली बच्चे बारिश के पानी से ओवरफ्लो हुए नाले में गिर गए। राहत की बात यह रही कि मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बिना देर किए साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए तीनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह हुई तेज बारिश के बाद जगतपुर इलाके में कई स्थानों पर जलभराव हो गया था। लगातार बारिश के कारण नाले भी ओवरफ्लो हो गए थे और सड़क पर पानी भर जाने से नाले की सीमा पूरी तरह छिप गई थी। इसी दौरान स्कूल से लौट रहे तीन बच्चे पानी से भरी सड़क पार कर रहे थे। उन्हें अंदाजा नहीं लगा कि नीचे खुला नाला है और अचानक तीनों उसमें जा गिरे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बच्चों के नाले में गिरते ही आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाया और उनकी मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने अपनी जान की परवाह किए बिना बच्चों का हाथ पकड़कर एक-एक कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। समय रहते किए गए इस रेस्क्यू की वजह से तीनों बच्चों की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग स्थानीय नागरिकों की बहादुरी और तत्परता की जमकर सराहना कर रहे हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे लोग तेजी से बच्चों तक पहुंचते हैं और उन्हें नाले से सुरक्षित बाहर निकालते हैं।
यह घटना एक बार फिर बरसात के मौसम में खुले और ओवरफ्लो नालों से पैदा होने वाले खतरे की ओर ध्यान दिलाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान जलभराव के कारण यह पता लगाना मुश्किल हो जाता है कि सड़क कहां खत्म हो रही है और नाला कहां शुरू हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से संवेदनशील इलाकों में बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड लगाने और जल निकासी की बेहतर व्यवस्था करने की मांग की है।
गौरतलब है कि इससे पहले जुलाई में दिल्ली के मुखमेलपुर गांव स्थित उत्तराखंड कॉलोनी में भी बारिश के पानी से जुड़े हादसे में दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई थी। ऐसे में लगातार सामने आ रही घटनाएं यह संकेत देती हैं कि मानसून के दौरान जलभराव वाले इलाकों में सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।