उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में चर्चित अंकित कश्यप हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के पूरे बान सिंह गांव निवासी 22 वर्षीय अंकित कश्यप की हत्या के मुख्य आरोपी सुकई यादव को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मंगलवार दोपहर टिकरिया के पास घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार होने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद करने का दावा किया है। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने बताया कि इस कार्रवाई के साथ ही अंकित हत्याकांड में नामजद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी पूरी हो चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सात विशेष टीमों का गठन किया गया था। अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी सुकई यादव लगातार फरार चल रहा था। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। मुठभेड़ के बाद गिरफ्तारी होने पर अब सभी आरोपियों से पूछताछ पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की विवेचना अभी भी जारी है।
यह सनसनीखेज वारदात सोमवार रात सामने आई थी। मृतक अंकित कश्यप के पिता की तहरीर पर गौरीगंज कोतवाली में मुख्य आरोपी सुकई यादव, सुंदर यादव सहित चार नामजद और अन्य लोगों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया था।
प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि अंकित कश्यप ने वर्ष 2023 में पड़ोस की युवती श्वेता यादव से अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद दोनों दिल्ली में रहकर जीवनयापन कर रहे थे। पुलिस का मानना है कि इसी प्रेम विवाह को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से चली आ रही रंजिश इस हत्या की मुख्य वजह बनी। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
बताया जा रहा है कि अंकित कुछ दिन पहले ही अपनी पत्नी को दिल्ली छोड़कर गांव लौटा था। इसी दौरान उसकी हत्या कर दी गई। अंकित अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बेटों को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और परिजन आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।
हत्या के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर प्रदर्शन भी किया था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस, पीएसी और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर तैनात किया गया था। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है, लेकिन गांव में एहतियात के तौर पर अभी भी पुलिस बल तैनात है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।