वृद्धजनों का सम्मान हमारी संस्कृति की पहचान, घर सूने और वृद्धाश्रम बढ़ना चिंताजनक : सीएम योगी

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़ राजनीती लखनऊ न्यूज़

लखनऊ। विश्व वृद्धजन दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने प्रदेशवासियों के नाम एक भावुक और प्रेरणादायक संदेश जारी किया। अपनी पाती में उन्होंने वृद्धजनों के सम्मान, उनकी देखभाल और समाज में उनके महत्व पर विशेष जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के समय में एक ओर घर सूने होते जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर वृद्धाश्रमों की संख्या बढ़ रही है। यह स्थिति समाज के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि जीवन के अंतिम पड़ाव में बुजुर्गों को सबसे अधिक अपनत्व, सम्मान और साथ की आवश्यकता होती है, लेकिन कई बार उन्हें अपने ही लोगों की उपेक्षा और दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ता है।

सीएम योगी ने कहा कि माता-पिता अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए जीवनभर मेहनत करते हैं और अपना सब कुछ न्योछावर कर देते हैं। ऐसे में बुढ़ापे में उनका सम्मान और सेवा करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने सनातन संस्कृति का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय परंपरा में माता-पिता और गुरु को साक्षात ईश्वर का दर्जा दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने भगवान गणेश, श्रवण कुमार और भगवान श्रीराम के उदाहरण देते हुए कहा कि ये सभी आदर्श हमें माता-पिता के प्रति समर्पण, सम्मान और सेवा की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों का सम्मान हमारी गौरवशाली संस्कृति और सभ्यता की पहचान है।

सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में वृद्धजनों और निराश्रित महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है। इसके अलावा आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। पात्र लोगों को आवास योजनाओं का लाभ भी दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और योग को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रखी गई है, जो बुजुर्गों के बेहतर स्वास्थ्य और सम्मानजनक जीवन का वैश्विक संदेश है।

अपने संदेश के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि वृद्धजनों ने परिवार, समाज और देश के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनका सम्मान और देखभाल करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *