महोबा में दर्दनाक हादसा: धसान नदी में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत

अपराध उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़

महोबा। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गम में डुबो दिया। पनवाड़ी थाना क्षेत्र के झारखंड धाम स्थित धसान नदी में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। इनमें एक शिक्षक था, जबकि दूसरा पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा देने आया था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।

जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 32 वर्षीय जितेंद्र और उनके छोटे भाई 31 वर्षीय राजकुमार उर्फ राजा के रूप में हुई है। जितेंद्र महोबा में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे, जबकि राजा अपने गृह जनपद फतेहपुर से पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए महोबा आया था। उसे सोमवार को परीक्षा देनी थी, लेकिन उससे पहले ही यह दुखद हादसा हो गया।

रविवार शाम दोनों भाई अपने परिवार के साथ झारखंड धाम घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचे थे। इसी दौरान नदी में नहाते समय जितेंद्र और उनका बेटा गहरे पानी में चले गए। बेटे को डूबता देख जितेंद्र उसे बचाने के लिए आगे बढ़े और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल दिया। इस बीच वह खुद तेज बहाव में फंस गए।

बड़े भाई को संकट में देखकर राजा भी बिना देर किए नदी में कूद पड़ा। उसने भाई को बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण वह भी नदी में डूब गया। स्थानीय लोगों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इस हादसे ने एक परिवार से दो बेटों को छीन लिया। वहीं, पुलिस की वर्दी पहनकर देश सेवा करने का राजा का सपना भी अधूरा रह गया। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग इस घटना से स्तब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *