मोदी सरकार के 12 साल सेवा, सुशासन और विकास के स्वर्णिम अध्याय: भूपेन्द्र चौधरी

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़

आगरा/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री एवं आगरा के प्रभारी मंत्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन, विकास और जनकल्याण के स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हुए हैं। इन वर्षों में गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं शुरू की गईं, जिनका लाभ देशभर के करोड़ों लोगों तक पहुंचा है।

आगरा के नवीन सर्किट हाउस सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक एवं प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 5 जून से 21 जून 2026 तक पूरे प्रदेश में “सेवा, सुशासन, संस्कार एवं सम्मान” अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जनसंपर्क अभियान के माध्यम से लोगों से जुड़ने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत व्यापक वृक्षारोपण किया जाएगा। वहीं 8 जून से 14 जून तक जनजागरूकता कार्यक्रमों और “सरकार आपके द्वार” अभियान के माध्यम से पात्र लोगों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जाएगा। 14 से 16 जून तक स्वास्थ्य मेले और जनकल्याण शिविर आयोजित होंगे, जबकि 17 से 20 जून तक विकास प्रदर्शनियों के जरिए प्रदेश की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

भूपेन्द्र चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, जनचौपाल और जनसमस्याओं के निस्तारण को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। यह अभियान जनभागीदारी को मजबूत करने और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

बैठक में केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, सांसद राजकुमार चाहर, विधायकगण, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *