अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे करीब 30 भारतीय ट्रक ड्राइवरों को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी कमर्शियल ट्रक ड्राइवर के तौर पर अलग-अलग राज्यों में काम कर रहे थे और अब उन्हें जल्द ही देश से बाहर किया जाएगा।
अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा एजेंसी ने बताया कि एरिजोना के युमा सेक्टर में 11 से 15 मई के बीच “ऑपरेशन चेकमेट” के तहत कुल 52 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से 36 लोग ट्रक चलाते पाए गए, जिनमें 30 भारत से थे। बाकी आरोपी मेक्सिको, अल सल्वाडोर और रूस से बताए जा रहे हैं।
दस्तावेजों में अनियमितता
अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार लोगों के दस्तावेजों की जांच में कई अनियमितताएं मिलीं। कुछ के पास कैलिफोर्निया, न्यूयॉर्क, वाशिंगटन और वर्जीनिया जैसे राज्यों के कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस थे, जबकि कुछ के पास कोई वैध लाइसेंस नहीं था।
जांच में यह भी सामने आया कि कई लोगों के पास ऐसे रोजगार प्राधिकरण दस्तावेज थे, जो पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के कार्यकाल में जारी किए गए थे, लेकिन अब वे मान्य नहीं माने जा रहे हैं। इसी आधार पर संघीय कानून के तहत कार्रवाई की गई है।
सार्वजनिक सुरक्षा का मुद्दा
ऑपरेशन चेकमेट का उद्देश्य ऐसे लोगों की पहचान करना है जो अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे हैं और कमर्शियल वाहन चला रहे हैं। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के ड्राइवर सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा बन सकते हैं।
युमा सेक्टर के कार्यवाहक मुख्य गश्त एजेंट डस्टिन कॉडल ने कहा कि यह अभियान उन चालकों से समुदाय और सड़कों को सुरक्षित रखने की कोशिश है, जो गैरकानूनी तरीके से रहकर वाहन चला रहे हैं।
ट्रंप प्रशासन का नया रूल
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व वाले प्रशासन ने हाल ही में परिवहन विभाग को निर्देश दिया है कि अयोग्य विदेशी ड्राइवरों को कमर्शियल ट्रक और बस चलाने के लिए लाइसेंस न दिया जाए। यह कदम ऐसे समय में आया है जब अमेरिका में कमर्शियल वाहन हादसों से जुड़े मामलों में भारतीय मूल के ट्रक चालकों की गिरफ्तारी के कई मामले सामने आ चुके हैं।