नई दिल्ली: दक्षिण-पश्चिम मानसून 4 जून को केरल में दस्तक दे सकता है, जिसके बाद देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस बार मानसून केरल पहुंचने में थोड़ी देरी हुई है, लेकिन अगर मौजूदा मौसम का रुख ऐसा ही रहा तो इसकी आधिकारिक घोषणा कल की जा सकती है।
केरल में मानसून के आगमन को देखते हुए मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अलाप्पुझा, कोट्टायम, एर्नाकुलम, त्रिशूर और मलप्पुरम में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा पथानामथिट्टा और कोझिकोड में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
इन राज्यों में बारिश और आंधी
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक देश के कई राज्यों में आंधी-तूफान, तेज हवाओं और बारिश की स्थिति बनी रह सकती है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
पूर्वोत्तर भारत में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। वहीं 3 से 8 जून के बीच अरुणाचल प्रदेश, केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी, तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में भारी बारिश हो सकती है।
राजस्थान और कश्मीर में ओले
राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में मौसम और ज्यादा खराब रह सकता है। 3 और 4 जून को दोनों राज्यों के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। पश्चिमी राजस्थान में धूल भरी आंधी चलने की भी आशंका है।
मौसम विभाग ने बताया कि कई जगहों पर हवाएं 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। कुछ क्षेत्रों में यह रफ्तार 60 से 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की भी संभावना है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस दौरान लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। तेज हवाओं, बिजली गिरने और भारी बारिश के समय खुले स्थानों से बचना चाहिए। किसानों, यात्रियों और तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।