देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून इस बार तय समय से पहले 26 मई तक केरल में दस्तक दे सकता है। मानसून की शुरुआती एंट्री के साथ ही देश के कई हिस्सों में मौसम बदलने लगेगा और तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।
इन दिनों दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में तापमान लगातार 45 डिग्री के आसपास पहुंच रहा है। तेज धूप और लू ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। ऐसे में मानसून की जल्दी दस्तक लोगों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बार मानसून की रफ्तार सामान्य से बेहतर बनी हुई है। केरल में पहुंचने के बाद मानसून धीरे-धीरे दक्षिण भारत से होते हुए मध्य और उत्तर भारत की ओर बढ़ेगा। इससे आने वाले दिनों में गर्मी का असर कम होने लगेगा।
IMD के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में मानसून 27 से 30 जून के बीच पहुंच सकता है। वहीं उत्तर प्रदेश में 15 से 25 जून और बिहार में 12 से 15 जून के बीच मानसून सक्रिय होने की संभावना जताई गई है। मानसून आने से पहले कई इलाकों में प्री-मानसून बारिश भी हो सकती है।
मौसम विभाग ने केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और तेलंगाना में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश का अनुमान लगाया गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार मानसून सामान्य से बेहतर रह सकता है, जिससे किसानों और कृषि क्षेत्र को भी बड़ा फायदा मिलेगा।