बॉलीवुड अभिनेता Akshay Kumar अक्षय कुमार की बेटी के साथ हुई साइबर बुलिंग के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। कुछ महीने पहले अक्षय कुमार ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम में खुलासा किया था कि उनकी 13 वर्षीय बेटी ऑनलाइन गेम खेलते समय साइबर अपराध का शिकार हुई थी। अब इस मामले में महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
महाराष्ट्र साइबर के प्रमुख Yashasvi Yadav यशस्वी यादव ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू की गई थी और आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
दरअसल, एक कार्यक्रम के दौरान अक्षय कुमार ने अपनी बेटी के साथ हुई इस घटना का जिक्र करते हुए बताया था कि उनकी बेटी एक ऑनलाइन वीडियो गेम खेल रही थी। ऐसे कई गेम होते हैं, जिनमें खिलाड़ी किसी अनजान व्यक्ति के साथ भी जुड़ सकते हैं। खेल के दौरान सामने वाले व्यक्ति ने पहले पूछा कि वह लड़का है या लड़की। बेटी ने जवाब दिया कि वह लड़की है।
इसके बाद आरोपी ने बेहद आपत्तिजनक मैसेज भेजा और उससे नग्न तस्वीरें भेजने की मांग की। इस संदेश से घबराकर अक्षय कुमार की बेटी ने तुरंत फोन बंद कर दिया और अपनी मां को पूरी बात बताई। अक्षय कुमार ने कहा कि यही वह क्षण था, जहां से उन्हें समझ आया कि साइबर अपराध कितना खतरनाक और गंभीर हो चुका है।
मुंबई में आयोजित साइबर जागरूकता माह 2025 के उद्घाटन समारोह में अक्षय कुमार ने इस घटना को साझा करते हुए कहा था कि साइबर अपराध अब गली-मोहल्ले के अपराधों से भी बड़ा खतरा बन चुका है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की थी कि स्कूलों में 7वीं से 10वीं तक के बच्चों के लिए हर सप्ताह एक “साइबर पीरियड” रखा जाए, ताकि बच्चों को ऑनलाइन सुरक्षा और साइबर अपराधों के बारे में जागरूक किया जा सके।
अक्षय कुमार की बेटी से पहले भी कई फिल्मी सितारे साइबर बुलिंग का शिकार हो चुके हैं। Rashmika Mandanna रश्मिका मंदाना, Sara Ali Khan सारा अली खान और Shraddha Kapoor श्रद्धा कपूर जैसी कई अभिनेत्रियां भी साइबर अपराधियों के निशाने पर आ चुकी हैं।
महाराष्ट्र साइबर पुलिस लगातार ऐसे मामलों में तेजी से कार्रवाई कर रही है। इस गिरफ्तारी ने एक बार फिर यह साबित किया है कि ऑनलाइन दुनिया में सतर्क रहना बेहद जरूरी है, खासकर बच्चों और किशोरों के लिए।