कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा के खिलाफ चल रहा विवाद अब कानूनी मोड़ ले चुका है। असम क्राइम ब्रांच की टीम ने दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित उनके आवास पर पहुंचकर करीब दो घंटे तक जांच की।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस टीम पवन खेड़ा से पूछताछ के उद्देश्य से पहुंची थी, लेकिन वह घर पर मौजूद नहीं थे। इसके बावजूद पुलिस ने घर की तलाशी ली और कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण सामग्री भी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।
यह पूरा मामला तब सामने आया जब खेड़ा ने हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा पर तीन देशों के पासपोर्ट रखने का आरोप लगाया था। इन आरोपों के बाद असम में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
मुख्यमंत्री सरमा ने इन आरोपों को साजिश करार देते हुए कहा कि यह राजनीतिक लाभ के लिए फैलाया गया झूठ है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की पूरी जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
दूसरी ओर, रिनिकी शर्मा ने भी इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह उनकी छवि खराब करने की कोशिश है और इसमें तकनीकी छेड़छाड़ का सहारा लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और जल्द ही इस मामले में और खुलासे हो सकते हैं। इस पूरे घटनाक्रम ने देश की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा कर दिया है।