यूपी के हरदोई से सामने आई दिल छू लेने वाली कहानी

इमेज गैलरी उत्तर प्रदेश गैलरी टॉप -न्यूज़ न्यूज़ प्रदेश
  • 15 साल की उम्र में डकैतों ने किया था अपहरण, 80 साल की उम्र में बेटी ने मिलवाया परिवार से

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक ऐसा भावुक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। यहां 80 वर्षीय महिला रामश्री देवी अपने अपहरण के करीब 65 साल बाद पहली बार अपने मायके पहुंचीं। उन्हें देखकर गांव वालों और रिश्तेदारों की आंखें नम हो गईं।

जानकारी के मुताबिक, वर्ष 1961-62 में बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के टोलवा आट गांव में डकैतों ने भीषण डकैती डाली थी। उस समय रामश्री की उम्र महज 15 साल थी। डकैतों को परिवार के पास लूट का सामान नहीं मिला तो उन्होंने घर के लोगों को घायल कर रामश्री को जबरन अगवा कर लिया। उस वक्त उनकी शादी हो चुकी थी और गौना होने वाला था, लेकिन अपहरण ने उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल दी।

डकैतों का गिरोह उन्हें कई दिनों तक जंगलों में घुमाता रहा और बाद में अलीगढ़ क्षेत्र में छोड़ दिया। वहां स्थानीय पहलवान सोहनलाल यादव को इस घटना की जानकारी मिली। उन्होंने अपने साथियों के साथ कार्रवाई कर रामश्री को छुड़ाया। मानसिक रूप से आहत रामश्री को सहारा देते हुए सोहनलाल ने उनसे विवाह कर लिया और दोनों ने नई जिंदगी शुरू की। उनके आठ बच्चे हुए और वे अलीगढ़ के समेघा गांव में बस गईं, लेकिन मायके की याद हमेशा उनके मन में बनी रही।

समय बीतता गया, लेकिन रामश्री अपनी बेटी सीमा यादव को अक्सर अपने बचपन और अपहरण की कहानी सुनाती थीं। मां की इच्छा पूरी करने के लिए सीमा उन्हें लेकर हरदोई पहुंचीं और लंबे समय तक खोजबीन के बाद आखिरकार रामश्री ने अपने मायके को पहचान लिया।

जैसे ही गांव में खबर फैली, रिश्तेदारों की भीड़ उमड़ पड़ी और 65 साल का इंतजार आंसुओं में बदल गया। परिवार से मिलन का यह भावुक पल गांव के लोगों के लिए भी अविस्मरणीय बन गया।

उम्र के अंतिम पड़ाव में अपने मायके से मिल पाना रामश्री और उनके परिवार के लिए किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *