‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ का नया टीजर सामने आते ही दर्शकों का दिल बैठ गया है। टीवी के सबसे पसंदीदा किरदारों में से एक मिहिर विरानी को भयानक एक्सीडेंट का शिकार होते देख फैंस इमोशनल हो गए हैं। अमर उपाध्याय के इस आइकॉनिक रोल से लोगों का गहरा जुड़ाव है, ऐसे में उनका यूं अंत होते देखना किसी झटके से कम नहीं।
टीजर में पहले से ही विरानी परिवार की मुश्किलें दिखाई जाती हैं। शांति निकेतन और गोवर्धन ग्रुप दोनों पर संकट मंडरा रहा है। तुलसी अपने पति मिहिर को समझाने की कोशिश करती है कि परिवार को टूटने से बचाया जा सकता है। लेकिन हालात हाथ से निकलते नजर आते हैं।
इसके बाद कहानी अचानक एक डरावनी दिशा ले लेती है। मिहिर नशे की हालत में रात के अंधेरे में कार चला रहा होता है। तेज रफ्तार, तूफानी मौसम और सुनसान सड़क—सब मिलकर हादसे को और भी खौफनाक बना देते हैं। कुछ ही सेकेंड में गाड़ी बिजली के खंभे से टकरा जाती है।
मनोज तिवारी के नाम से चल रही फर्जी फेसबुक ID – Sindhu Times
प्रोमो का आखिरी सीन सबसे ज्यादा डराने वाला है, जहां तुलसी सदमे में खड़ी नजर आती है। कैमरा उसकी आंखों पर ठहर जाता है और दर्शकों के मन में सिर्फ एक ही सवाल रह जाता है—क्या मिहिर अब कभी वापस नहीं आएगा?
हालांकि शो के मेकर्स ने मिहिर की मौत को लेकर सस्पेंस बरकरार रखा है। कुछ फैंस मान रहे हैं कि यह सिर्फ एक ड्रामेटिक ट्रैक है और मिहिर की वापसी होगी, जबकि कई लोग तुलसी के फिर से अकेले होने की आशंका से टूट चुके हैं।
इस सबके बीच ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ टीआरपी लिस्ट में लगातार टॉप पर बना हुआ है और ‘अनुपमा’ व ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ जैसे शोज़ को पीछे छोड़ चुका है।