गोवा में दो रूसी महिलाओं की निर्मम हत्या, गला रेतकर उतारा मौत के घाट

अपराध टॉप -न्यूज़ न्यूज़ राष्ट्रीय

गोवा से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने पूरे राज्य में हड़कंप मचा दिया है। उत्तरी गोवा के मोरजिम और अरम्बोल इलाके में दो रूसी महिलाओं की बेरहमी से हत्या कर दी गई। दोनों महिलाओं का गला चाकू से रेता गया। पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड में एक रूसी नागरिक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, पहली घटना 14 जनवरी की रात मोरजिम गांव में हुई। आरोपी एलेक्सी लियोनोव ने अपनी दोस्त एलेना वानीवा (37) की हत्या उसके ही कमरे में कर दी। बताया गया कि रात करीब 11 बजे के बाद आरोपी ने चाकू से महिला का गला काट दिया। घटना की जानकारी तब सामने आई, जब मकान मालकिन को कमरे से संदिग्ध हालात का अंदेशा हुआ और पुलिस को सूचना दी गई।

दूसरी हत्या इससे भी अधिक भयावह बताई जा रही है। 15 जनवरी की शाम आरोपी करीब आठ किलोमीटर दूर अरम्बोल गांव पहुंचा, जहां उसकी दूसरी दोस्त एलेना कास्थानोवा (37) रहती थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पहले महिला को रस्सी जैसी किसी वस्तु से बांधा और फिर चाकू से उसका गला रेत दिया। दोनों शव शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों से बरामद किए गए।

मांड्रेम थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी एलेक्सी लियोनोव को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों हत्याओं के पीछे क्या कारण था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी मानसिक तनाव में था या फिर किसी आपसी विवाद के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

इस दोहरे हत्याकांड के बाद स्थानीय लोगों और पर्यटकों में डर का माहौल है। गोवा, जो आमतौर पर पर्यटन और शांति के लिए जाना जाता है, हाल के दिनों में लगातार आपराधिक घटनाओं के कारण चर्चा में रहा है। कुछ समय पहले एक नाइट क्लब में लगी भीषण आग के बाद राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठे थे।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और आरोपी को कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *