- सरकार से तत्काल निकासी योजना लागू करने की अपील
ईरान में जारी तनावपूर्ण हालात के कारण वहां अध्ययनरत लगभग 2000 कश्मीरी छात्र संकट में फंसे हुए हैं। देश में चल रहे विरोध प्रदर्शनों और अस्थिर सुरक्षा स्थिति ने छात्रों और उनके परिवारों की चिंताओं को कई गुना बढ़ा दिया है। जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन (JKSA) ने इसे मानवीय संकट बताते हुए केंद्र सरकार से तत्काल और प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
एसोसिएशन के अनुसार, अधिकांश कश्मीरी छात्र ईरान में मेडिकल और अन्य पेशेवर कोर्स कर रहे हैं। मौजूदा हालात में छात्रों से खुद यात्रा और निकासी की व्यवस्था करने की उम्मीद करना जोखिम भरा है। जेकेएसए ने कहा कि किसी भी औपचारिक निकासी योजना की कमी से छात्रों की मानसिक स्थिति पर गहरा असर पड़ रहा है और परिवारों में भय का माहौल है।
पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने भी इस मुद्दे पर केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। महबूबा मुफ्ती ने जोर देकर कहा कि सरकार को ईरानी अधिकारियों से संवाद कर भारतीय छात्रों की सुरक्षित और व्यवस्थित वापसी सुनिश्चित करनी चाहिए।
भारतीय दूतावास द्वारा जारी की गई सलाह में सभी भारतीय नागरिकों को ईरान छोड़ने के लिए कहा गया है, लेकिन छात्रों और अभिभावकों का कहना है कि बिना सरकारी सहयोग के यह प्रक्रिया बेहद कठिन है। कई इलाकों में इंटरनेट सेवाएं बाधित हैं, जिससे छात्र अपने घरवालों से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। इससे परिवारों की बेचैनी और बढ़ गई है।
एक छात्र की बहन ने बताया कि संचार व्यवस्था ठप होने से यह पता लगाना मुश्किल हो गया है कि छात्र सुरक्षित हैं या नहीं। वहीं अभिभावकों का कहना है कि यदि जल्द कदम नहीं उठाए गए तो छात्रों की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
जेकेएसए ने विदेश मंत्रालय से अपील की है कि वह एक स्पष्ट निकासी रोडमैप तैयार करे, जिसमें विशेष हेल्पलाइन नंबर, सुरक्षित मार्ग और दूतावास स्तर पर समन्वय शामिल हो। संगठन ने भारत सरकार की विदेशों में अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर की जा रही कोशिशों पर भरोसा जताया है, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की आवश्यकता बताई है।
अभिभावकों ने कहा कि उनके बच्चे आपात स्थिति में पूरी तरह भारत सरकार पर निर्भर हैं। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि ईरान सरकार से बातचीत कर छात्रों की सुरक्षित वापसी का रास्ता निकाला जाए। उनका कहना है कि थोड़ी सी देरी भी हालात को और गंभीर बना सकती है।