वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार उन्होंने टैरिफ नीति को लेकर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का सार्वजनिक रूप से मज़ाक उड़ाया है। रिपब्लिकन सांसदों को संबोधित करते हुए ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने फ्रांस को दवाओं पर भारी टैरिफ लगाने की धमकी दी थी, जिसके बाद फ्रांसीसी राष्ट्रपति दबाव में आ गए।
ट्रंप के मुताबिक, अमेरिका दशकों से वैश्विक हेल्थकेयर सिस्टम को अप्रत्यक्ष रूप से सब्सिडी देता रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी “मोस्ट फेवर्ड नेशन” नीति के तहत अमेरिका अब यह सुनिश्चित कर रहा है कि अमेरिकी उपभोक्ताओं से दवाओं के लिए अधिक कीमत न वसूली जाए। इसी नीति के तहत उन्होंने फ्रांस समेत कई देशों को सख्त संदेश दिया।
टैरिफ की धमकी से बदला फ्रांस का रुख
डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका में फ्रांस की दवाएं बेहद महंगी हैं, जबकि वही दवाएं फ्रांस में काफी सस्ती मिलती हैं। उन्होंने फ्रांसीसी सरकार से कहा कि अगर दवाओं की कीमतें नहीं बढ़ाई गईं, तो शैंपेन, वाइन और अन्य फ्रांसीसी उत्पादों पर 25 प्रतिशत तक का भारी टैरिफ लगाया जाएगा।
ट्रंप का कहना है कि इस चेतावनी के बाद फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों घबरा गए और अमेरिकी शर्तें मानने को तैयार हो गए। ट्रंप ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि मैक्रों ने उनसे अनुरोध किया कि इस बातचीत को सार्वजनिक न किया जाए।
UP SIR Draft List: ड्राफ्ट लिस्ट जारी होते ही BJP हुई एक्टिव
“हर देश ने यही कहा”
अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि सिर्फ फ्रांस ही नहीं, बल्कि अन्य देशों ने भी टैरिफ की धमकी मिलने के कुछ ही मिनटों के भीतर उनकी शर्तें मान लीं। ट्रंप के अनुसार, औसतन 3.2 मिनट में विदेशी नेता दवाओं की कीमतों में भारी बदलाव पर सहमत हो गए।
उन्होंने यह भी कहा कि फ्रांस में कुछ दवाओं की कीमतें 10 डॉलर प्रति गोली से बढ़कर 30 डॉलर तक पहुंच गईं, जबकि अमेरिका में इनकी कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, ट्रंप के इन दावों पर अब तक फ्रांसीसी सरकार या राष्ट्रपति मैक्रों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।