- कानून-व्यवस्था और विकास को लेकर गिनाईं उपलब्धियां
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष, खासतौर पर समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। सीएम योगी ने साफ शब्दों में कहा कि राज्य में अवैध कब्जे और अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने दो टूक कहा कि जो भी कानून तोड़ेगा या सार्वजनिक व ऐतिहासिक संपत्तियों पर कब्जा करेगा, उसके खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई को कोई रोक नहीं सकता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया यह मान रही है कि उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने 2017 से पहले और वर्तमान सरकार के दौर की तुलना करते हुए कहा कि पहले यूपी को अपराध और अराजकता के लिए जाना जाता था, जबकि आज राज्य में सुरक्षा का माहौल है। चाहे राज्य के भीतर हों या बाहर, लोग अब उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था की तारीफ करते हैं।
सपा पर हमला बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि विपक्ष मुद्दों से भटकाने की कोशिश करता है। उन्होंने तीखे शब्दों में कहा, “इधर-उधर की बातें मत करिए, ये बताइए कि काफिला क्यों लूटा गया।” उन्होंने पूजा पाल का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि क्या वह पीडीए का हिस्सा नहीं थीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में फैली अराजकता ने पूरे राज्य की पहचान को संकट में डाल दिया था।
सीएम योगी ने यह भी कहा कि विपक्ष में रहते हुए हर अच्छे काम की आलोचना करना उनकी मजबूरी बन गई है। उन्होंने कहा कि अगर आज दी जा रही सलाह सपा सरकार के समय दी गई होती, तो शायद उत्तर प्रदेश को पहले ही इसका लाभ मिल जाता। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौर में अव्यवस्था और अपराध का तांडव हुआ, जिसकी जिम्मेदारी से विपक्ष भाग नहीं सकता।
विकास के मुद्दे पर बोलते हुए सीएम योगी ने सरकार की उपलब्धियों का विस्तार से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश में 16 एयरपोर्ट संचालित हैं, जिनमें 4 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट शामिल हैं। इसके साथ ही, अगले महीने जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू होने जा रहा है, जो देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट होगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 2017 से पहले यूपी में केवल डेढ़ एक्सप्रेसवे थे, जबकि आज राज्य में 21 एक्सप्रेसवे संचालित हैं। यदि सभी प्रस्तावित एक्सप्रेसवे पूरे हो जाते हैं, तो देश के 60 प्रतिशत एक्सप्रेसवे अकेले उत्तर प्रदेश में होंगे। इसके अलावा, यूपी में 16 हजार किलोमीटर का देश का सबसे बड़ा रेलवे नेटवर्क और सबसे ज्यादा मेट्रो लाइनें भी हैं।
अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर बोलते हुए सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा गाजा की बात करती है लेकिन बांग्लादेश में दलितों और हिंदुओं की हत्या पर चुप रहती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बांग्लादेश में हो रही हिंसा पर विपक्ष की चुप्पी उसकी मानसिकता को उजागर करती है।