गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नंदग्राम क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन स्थित औरा चिमेरा सोसाइटी में एक महिला मकान मालिक की बेरहमी से हत्या कर शव को सूटकेस में छिपा दिया गया। मृतका 47 वर्षीय दीपशिखा शर्मा बताई जा रही हैं, जो पेशे से मकान किराए पर देने का काम करती थीं।
पुलिस के अनुसार, दीपशिखा मंगलवार सुबह अपने घर से निकली थीं। वह अपने दूसरे फ्लैट में रह रहे किरायेदारों से किराया वसूलने जा रही थीं। देर रात तक उनके घर न लौटने और मोबाइल फोन स्विच ऑफ आने पर परिवार वालों को चिंता हुई, लेकिन किसी को अनहोनी की आशंका नहीं थी। अगले दिन दीपशिखा की घरेलू सहायिका को कुछ गड़बड़ महसूस हुई। जब अपार्टमेंट की जांच की गई तो अंदर एक सूटकेस से बदबू आ रही थी। सूटकेस खोलने पर महिला का शव देखकर सभी के होश उड़ गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान संदेह किरायेदार दंपती अजय गुप्ता और आकृति गुप्ता पर गहराया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसीपी उपासना पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह सुनियोजित हत्या का मामला लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है ताकि हत्या के तरीके और समय का पता चल सके। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।