मथुरा के बांके बिहारी मंदिर में परंपरा टूटी

उत्तर प्रदेश न्यूज़

मथुरा-वृंदावन स्थित प्रसिद्ध श्री ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में सोमवार को एक असामान्य और चिंताजनक स्थिति देखने को मिली। वर्षों से चली आ रही परंपरा के विपरीत ठाकुर बांके बिहारी जी के लिए न तो बाल भोग तैयार हो सका और न ही शयन भोग लगाया गया। यह पहली बार है जब ठाकुर जी बिना भोग के भक्तों को दर्शन देते नजर आए, जिससे श्रद्धालुओं और सेवायतों में चिंता का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, मंदिर में भोग तैयार करने वाले नियुक्त हलवाई ने कई महीनों से वेतन न मिलने के कारण काम करने से इनकार कर दिया। इसी वजह से दोनों समय का भोग तैयार नहीं हो सका। यह मामला सामने आते ही मंदिर प्रशासन और हाई पावर कमेटी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।

दरअसल, श्री ठाकुर बांके बिहारी मंदिर की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के लिए सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर एक हाई पावर कमेटी का गठन किया गया था। इस कमेटी के अंतर्गत मंदिर में भोग-प्रसाद की व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए हलवाई की नियुक्ति की गई थी। नियमों के अनुसार, हलवाई को लगभग 80 हजार रुपये मासिक वेतन दिए जाने का प्रावधान है।

पार्श्वनाथ जयंती पर वाराणसी में मांस-मछली विक्रेताओं पर जुर्माना https://sindhutimes.in/?p=21515 

सूत्रों के मुताबिक, पिछले कई महीनों से वेतन भुगतान में देरी हो रही थी, जिससे हलवाई नाराज था। सोमवार को स्थिति इतनी बिगड़ गई कि उसने ठाकुर जी के लिए भोग तैयार करने से साफ मना कर दिया। परिणामस्वरूप, बाल भोग और शयन भोग दोनों नहीं लग पाए।

इस घटना के बाद हाई पावर कमेटी मामले में जिम्मेदारी लेने से बचती नजर आई। मंदिर से जुड़े सेवायतों का कहना है कि अगर समय रहते वेतन भुगतान किया जाता, तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती। भक्तों में भी इस बात को लेकर नाराजगी देखी गई कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण भगवान की सेवा बाधित हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *