बिहार कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व सांसद शकील अहमद ने पार्टी छोड़ने के बाद पहली बार अपना दर्द खुलकर बयां किया है। बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की हार के बाद उन्होंने कांग्रेस को अलविदा कह दिया था। अब उन्होंने दावा किया है कि वह पार्टी में लगातार अपमानित और नजरअंदाज महसूस कर रहे थे। साथ ही उन्होंने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
“कांग्रेस में अपमानित महसूस कर रहा था” — शकील अहमद
शकील अहमद ने कहा कि पार्टी में उनके जैसे नेताओं की कोई सुनवाई नहीं थी। उन्होंने कहा,
“मैं तीन बार विधायक रहा, दो बार सांसद रहा। मैं और तारिक अनवर बिहार से दो ऐसे नेता थे, जो कांग्रेस के नेशनल जनरल सेक्रेटरी बने। लेकिन मुझसे कोई राय नहीं मांगी जाती थी। मुझे अपमानित महसूस होने लगा था।”
उन्होंने बताया कि जब 2004 में राहुल गांधी ने अपना पहला चुनाव जीता था, उसी दिन उन्होंने भी अपने जीवन का पांचवां चुनाव जीता था।
“मैं कैसे कह सकता था कि मैं राहुल गांधी की वजह से जीता? ऐसा कहना मेरा भी अपमान होता और उनका भी।”
राहुल गांधी और सोनिया गांधी के बीच अंतर बताया
शकील अहमद ने राहुल गांधी की नेतृत्व शैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी उन लोगों के साथ सहज नहीं रहते, जहाँ वे खुद को ‘बॉस’ महसूस न कर पाएं।
उन्होंने कहा,
“सोनिया गांधी, राजीव गांधी, नरसिंह राव और सीताराम केसरी की कांग्रेस सबको साथ लेकर चलती थी। राहुल गांधी उस कांग्रेस को साथ नहीं ले जा पाए। सोनिया जी आलोचकों से भी मिलती थीं, राहुल जी किसी से नहीं मिलते।”
उन्होंने दावा किया कि सीनियर नेताओं की अनदेखी कांग्रेस की सबसे बड़ी कमजोरी बन चुकी है।
“राहुल के लोगों का जमीन से कनेक्शन नहीं”
शकील अहमद ने राहुल गांधी द्वारा यूथ कांग्रेस और NSUI के चुनावी सिस्टम वाली नीति पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा,
“राहुल जी पुराने लोगों को नहीं, सिर्फ युवाओं को बढ़ावा देना चाहते थे। उनके चुने हुए लोगों का जमीन से कोई कनेक्शन नहीं है।”
उन्होंने एक वाकया बताते हुए कहा कि दो उम्मीदवारों में से जिस उम्मीदवार की उम्र कम थी, राहुल गांधी ने उसे टिकट देने को कहा।
“मैंने मीटिंग में बिहार कांग्रेस की स्थिति पर चिंता जताई थी, लेकिन उसके बाद आज तक किसी बैठक में नहीं बुलाया गया। वो दिन था और आज का दिन है।”
SIR पर बोले — “वोट कटे तो लोग सड़क पर क्यों नहीं आए?”
स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर भी उन्होंने विपक्ष की विफलता बताई।
“अगर 65 लाख वोट कटे, तो 65 लोग भी सड़क पर क्यों नहीं आए? यह भी विपक्ष की नाकामी दिखाता है।”
उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी से उनका ज्यादा संपर्क नहीं रहा, लेकिन पार्टी में संचार की कमी से भी नेताओं का मनोबल गिर रहा है।