बेटी के जन्म के बाद जेल में बदली मुस्कान रस्तोगी की जिंदगी

टॉप -न्यूज़

मेरठ के चर्चित ब्लू ड्रम मर्डर केस की आरोपी मुस्कान रस्तोगी एक बार फिर सुर्खियों में है। हाल ही में बेटी को जन्म देने के बाद मुस्कान को अब जेल में कई विशेष सुविधाएं मिल रही हैं। डिलीवरी के बाद अस्पताल से लौटने पर उसे मेरठ जेल में एक अलग और सुरक्षित बैरक में शिफ्ट किया गया है, जहां मां और बच्चे की देखभाल के लिए बेहतर इंतजाम किए गए हैं।

वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा के अनुसार, मुस्कान और उसकी नवजात बच्ची दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। बच्ची का वैक्सीनेशन भी जेल परिसर में ही कराया जाएगा। मुस्कान को बैरक नंबर 12A में शिफ्ट किया गया है, जहां पहले से कई महिला बंदी अपने छोटे बच्चों के साथ रहती हैं। इस बैरक में वर्तमान में 21 महिलाएं और उनके बच्चे रह रहे हैं। जेल प्रशासन के अनुसार, मुस्कान को जेल नियमावली के मुताबिक पौष्टिक भोजन दिया जा रहा है और उससे अभी किसी प्रकार का काम नहीं करवाया जा रहा है। डिलीवरी के एक महीने पूरे होने पर उससे हल्का काम कराया जा सकता है। बच्चे की देखभाल के लिए जेल में क्रेच की सुविधा भी उपलब्ध है और नवजात का आंगनबाड़ी में रजिस्ट्रेशन भी कराया जाएगा।

जेल के डॉक्टर नियमित रूप से मुस्कान और उसकी बेटी का हेल्थ चेकअप करेंगे ताकि किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या को समय रहते दूर किया जा सके। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से बच्ची के डीएनए टेस्ट की मांग नहीं की गई है, इसलिए यह प्रक्रिया अभी शुरू नहीं की गई है। यह मामला इस साल मार्च में सामने आया था, जब मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल पर सौरभ राजपूत की हत्या करने का आरोप लगा था। सौरभ का शव टुकड़ों में काटकर नीले ड्रम में भर दिया गया था और उस पर सीमेंट डालकर छिपाने की कोशिश की गई थी। आरोप है कि हत्या के बाद मुस्कान और साहिल हिमाचल प्रदेश भाग गए थे। बाद में पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

बेटी के जन्म के बाद मुस्कान की जेल में दिनचर्या और सुविधाओं में बड़ा बदलाव आया है, लेकिन वह अब भी इस सनसनीखेज मर्डर केस की मुख्य आरोपी बनी हुई है और मामले की जांच तथा कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *