भाजपा विधायक का पूरा परिवार कार पलटने से बाल-बाल बचा

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़ फरुखाबाद

फर्रुखाबाद में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब भोजपुर से भाजपा विधायक नागेंद्र सिंह राठौर का परिवार दुर्घटना का शिकार हो गया। उत्तराखंड के प्रसिद्ध कैंची धाम जाने के दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में जा गिरी और कई बार पलट गई। हादसा सुबह लगभग 9 बजे इटावा-बरेली हाईवे (एनएच-730सी) पर थाना राजेपुर क्षेत्र के उजरामऊ-नयागांव के पास हुआ। हालांकि गंभीर दुर्घटना के बावजूद विधायक के परिवार के सभी सदस्य पूरी तरह सुरक्षित रहे।

जानकारी के अनुसार, विधायक के बेटे अजय सिंह राठौर कार चला रहे थे और उनके साथ पत्नी दीक्षा, बेटियां शशि और स्वाति तथा बेटा अयांक भी मौजूद थे। गाड़ी में ड्राइवर केपी और विधायक का सरकारी गनर भी साथ थे। ये सभी लोग कैंची धाम दर्शन के लिए निकल रहे थे। जैसे ही कार राजेपुर थाना क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने अचानक यू-टर्न ले लिया, जिससे दोनों कारें जोरदार टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरीं।

टक्कर इतनी भीषण थी कि विधायक के परिवार वाली कार कई बार पलट गई। हालांकि सभी लोग सीट बेल्ट लगाए हुए थे, जिसके कारण वे अपनी सीट पर सुरक्षित अटक गए और किसी बड़े हादसे से बच गए। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और तुरंत रेस्क्यू शुरू किया। ग्रामीणों ने रस्सियों और लोहे की रॉड की मदद से पलटी हुई कार को सीधा किया और कार में फंसे सभी सात लोगों को बाहर निकाला।

इस दौरान किसी को गंभीर चोट नहीं आई, केवल हल्की-फुल्की खरोंचें आईं। कुछ ही देर में थाना प्रभारी राजेपुर सुदेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दूसरी कार को क्रेन से निकलवाया। दूसरी कार में सवार लोग दुर्घटना के तुरंत बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

हादसे के बाद विधायक के परिवार को दूसरी गाड़ी से सुरक्षित फतेहगढ़ स्थित उनके घर भेज दिया गया। सभी लोग अब स्वस्थ हैं और परिवार जल्द ही पुनः कैंची धाम जाने की योजना बना रहा है। ग्रामीणों की तत्परता और सीट बेल्ट की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया, वरना नुकसान बहुत बड़ा हो सकता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *