PM मोदी और मोहन भागवत ने राम मंदिर के शिखर पर फहराया भगवा ध्वज

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़ राष्ट्रीय

अयोध्या में सोमवार का दिन ऐतिहासिक रहा, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने राम मंदिर के शिखर पर पवित्र भगवा ध्वज फहराया। इस खास मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम को धार्मिक गरिमा और शांति के साथ सम्पन्न करवाया।

प्रधानमंत्री मोदी सुबह विशेष पूजा-अर्चना के बाद रामलला के दर्शन के लिए गर्भगृह पहुंचे। दर्शन के बाद उन्होंने मंदिर परिसर में आयोजित ध्वजारोहण समारोह में हिस्सा लिया। भगवा ध्वज का फहराया जाना राम मंदिर निर्माण पूर्ण होने का प्रतीक माना जा रहा है। यह ध्वज भगवान राम की मर्यादा, पराक्रम और आध्यात्मिक शक्ति का प्रतीक है।

ध्वज का आकार भी खास है — यह 10 फीट ऊंचा और 20 फीट लंबा समकोण त्रिभुजाकार है। इसका केसरिया रंग भगवान श्रीराम के तेज, त्याग और शौर्य को दर्शाता है। जैसे ही पीएम मोदी और मोहन भागवत ने मंदिर शिखर पर ध्वज फहराया, पूरा परिसर जय श्री राम के उद्घोष से गूंज उठा।

कार्यक्रम के दौरान व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर में संत-महात्माओं, पुजारियों और हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने इस पल को और भी खास बना दिया। ध्वजारोहण के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि यह सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि लाखों करोड़ों राम भक्तों की आस्था का महापर्व है।

राम मंदिर निर्माण के पूर्ण होने के बाद आने वाले दिनों में मंदिर परिसर में कई और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। माना जा रहा है कि इस ध्वजारोहण के साथ रामनगरी में उत्सव का माहौल और तेज हो गया है |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *