आज की तेज़ रफ्तार जिंदगी में तनाव (Stress) एक आम समस्या बन चुका है। ऑफिस का दबाव हो, परिवार की जिम्मेदारियां हों या फिर रोज़मर्रा की छोटी-छोटी परेशानियां—कई लोग तुरंत ही स्ट्रेस महसूस करने लगते हैं। अगर तनाव को समय रहते कंट्रोल न किया जाए, तो यह आगे चलकर एंग्जायटी, पैनिक अटैक और यहां तक कि डिप्रेशन की वजह भी बन सकता है। इसलिए स्ट्रेस को मैनेज करना बेहद जरूरी है। यहां हम आपको कुछ ऐसे आसान और असरदार उपाय बता रहे हैं, जिन्हें अपनाकर आप मिनटों में तनाव से राहत पा सकते हैं।
1. ब्रीदिंग एक्सरसाइज करें
हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, गहरी सांस लेना तनाव कम करने का सबसे आसान और प्रभावी तरीका है। जैसे ही आपको स्ट्रेस महसूस हो, तुरंत 4-4 सेकेंड वाली ब्रीदिंग टेक्नीक अपनाएं।
-
4 सेकेंड तक गहरी सांस लें
-
4 सेकेंड तक सांस रोकें
-
4 सेकेंड में सांस छोड़ें
इसे 1-2 मिनट तक दोहराएं। इससे दिमाग शांत होता है और शरीर तुरंत रिलैक्स महसूस करता है।
2. रोजाना मेडिटेशन करें
मेडिटेशन मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य—दोनों पर सकारात्मक प्रभाव डालता है। रोज 10–15 मिनट मेडिटेशन करने से शरीर शांत होता है, तनाव कम होता है और नींद की गुणवत्ता भी बेहतर होती है। यह एंग्जायटी, डिप्रेशन और मानसिक अस्थिरता के जोखिम को काफी हद तक कम करने में मददगार है।
3. प्रकृति के करीब जाएं
अगर अचानक तनाव बढ़ जाए, तो किसी पार्क में जाएं और घास पर धीरे-धीरे वॉक करें। प्रकृति से जुड़ने से दिमाग तुरंत शांत होता है और मूड अच्छा होता है। यह तरीका स्ट्रेस लेवल को तेजी से कम करता है।
4. स्लो म्यूजिक सुनें
धीमा, शांत और सुकून देने वाला संगीत तनाव कम करने में चमत्कारिक असर डालता है। हेडफोन लगाकर 5 मिनट तक म्यूजिक सुनें, आपका मूड तुरंत बेहतर महसूस करेगा।
5. मन की बात साझा करें
कभी-कभी तनाव सिर्फ इसलिए बढ़ जाता है क्योंकि हम अपनी बात किसी से कहते नहीं। ऐसे में अपने किसी दोस्त या परिवार के सदस्य से दिल की बातें शेयर करें। इससे मानसिक बोझ हल्का हो जाता है और आप भावनात्मक रूप से रिलैक्स महसूस करते हैं।