बिग बॉस 19 के लोकप्रिय कंटेस्टेंट मृदुल तिवारी मिड वीक एविक्शन में शो से बाहर हो गए, लेकिन बाहर आते ही उनकी पॉपुलैरिटी और भी बढ़ गई है। घर से बाहर आने के बाद पहले उन्होंने अपने करीबी दोस्तों और को-कंटेस्टेंट्स से मुलाकात की और फिर ग्रेटर नोएडा स्थित अपने घर पहुंचे। यहां मृदुल का इतना भव्य स्वागत हुआ कि सड़क पर चक्काजाम तक लग गया। उनके फैंस उत्साह में उनकी एक झलक पाने के लिए सड़क पर इकट्ठा हो गए।
सोशल मीडिया पर लगातार ऐसे कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें मृदुल तिवारी की कार को चारों तरफ से फैंस ने घेर रखा है। लोग जोर-जोर से उनका नाम पुकारते नजर आ रहे हैं। कई लोग उनके गले में मालाएं डालते दिखे, जबकि मृदुल हाथ जोड़कर सभी का धन्यवाद करते नजर आए। उनकी वापसी पर फैंस की खुशी देखने लायक थी।
इसी बीच, मृदुल तिवारी ने शो से बाहर निकलते ही अपने खास दोस्तों—अभिषेक बजाज, नगमा मिराजकर और आवेज दरबार—से भी मुलाकात की। शो के अंदर इनकी बॉन्डिंग काफी मजबूत दिखी थी और बाहर आकर भी ये दोस्त साथ दिखे। उन्होंने अपने इस छोटे से रीयूनियन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए, जिन्हें देखकर फैंस ने इन्हें ‘मिनी बिग बॉस 19 रीयूनियन’ नाम दे दिया।
बिग बॉस 19 के घर में मृदुल, अभिषेक, नगमा, आवेज, गौरव खन्ना, प्रणित मोरे और अशनूर कौर एक ही ग्रुप का हिस्सा थे। इनमें से कुछ अभी भी शो का हिस्सा हैं जबकि बाकी बाहर आ चुके हैं। लेकिन इनकी दोस्ती अभी भी उतनी ही मजबूत दिखाई दे रही है।
मृदुल के अचानक हुए एविक्शन से उनके दोस्त आवेज दरबार भी हैरान थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर लिखा—“मृदुल को कम वोट कैसे मिल सकते हैं? ये बात समझ में नहीं आई। कोई बात नहीं… असली जिंदगी अब शुरू होगी।” इस पोस्ट से साफ हुआ कि मृदुल की लोकप्रियता सिर्फ फैंस में ही नहीं, बल्कि उनके दोस्तों में भी काफी है।