UP Politics: चुनाव से पहले BJP का मिशन यूपी तेज

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़ राजनीती लखनऊ न्यूज़

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को चुनावी मोड में लाने की कवायद तेज कर दी है। सत्ता तक पहुंचने में संगठन की ताकत को अहम मानने वाली भाजपा अब कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने के साथ-साथ जमीनी स्तर पर अपनी तैयारियों को मजबूत करने में जुटी है। इसी क्रम में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष शुक्रवार को लखनऊ पहुंचेंगे।

बीएल संतोष राजधानी में प्रदेश, क्षेत्र और विभिन्न मोर्चों की टीमों के साथ बैठक करेंगे। इन बैठकों में संगठन की मौजूदा स्थिति, अभियानों की प्रगति और आगामी चुनाव को लेकर तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। इसके अगले दिन शनिवार को उनका कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र का दौरा प्रस्तावित है। यहां परिचय बैठक के बहाने संगठन की चुनावी तैयारियों और रणनीति को धार देने पर फोकस रहेगा।

नितिन नवीन भी पहुंच सकते हैं कानपुर

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के भी सीधे कानपुर पहुंचने की संभावना है। उनका 12 और 13 सितंबर को प्रस्तावित मेरठ दौरा निरस्त हो चुका है। ऐसे में कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की सक्रियता को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

वहीं भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े का भी 15 से 20 सितंबर के बीच उत्तर प्रदेश दौरा प्रस्तावित है। इससे साफ है कि पार्टी नेतृत्व अगले कुछ दिनों में यूपी संगठन के साथ लगातार मंथन करने वाला है।

जुलाई में भी हुई थी अहम बैठक

नितिन नवीन और बीएल संतोष ने चार जुलाई को लखनऊ दौरे के दौरान मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों से मुलाकात की थी। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों और विभिन्न मोर्चों के साथ बैठक में संगठन को चुनावी लिहाज से मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने पर जोर दिया गया था।

नितिन नवीन ने एनडीए के सहयोगी दलों के साथ भी समन्वय बैठक की थी। इसमें अपना दल (एस), राष्ट्रीय लोक दल, निषाद पार्टी और सुभासपा के प्रतिनिधि शामिल हुए थे। गठबंधन के स्तर पर बेहतर तालमेल को आगामी चुनाव की तैयारियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अवध और कानपुर पर विशेष नजर

बीएल संतोष के आगामी दौरे में 82 विधानसभा सीटों वाले अवध क्षेत्र और 52 सीटों वाले कानपुर क्षेत्र पर खास फोकस रहेगा। दोनों क्षेत्र भाजपा के लिए राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण हैं।

2024 के लोकसभा चुनाव में इन दोनों क्षेत्रों में भाजपा को नुकसान उठाना पड़ा था। ऐसे में पार्टी अब उन इलाकों में संगठन की कमियों को दूर करने, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने की रणनीति पर काम कर रही है।

अभियानों की भी होगी समीक्षा

बीएल संतोष छह महीने तक चलने वाले समरसता संकल्प अभियान की भी समीक्षा करेंगे। यह अभियान 29 जुलाई से 20 फरवरी 2027 तक संचालित किया जा रहा है। इसके अलावा अगस्त में हुए तिरंगा अभियान की उपलब्धियों और आगामी सेवा संकल्प माह की तैयारियों पर भी चर्चा होगी।

भाजपा नेतृत्व का फोकस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने और सहयोगी दलों के साथ बेहतर तालमेल बनाने पर है। शीर्ष नेताओं के लगातार यूपी दौरों से संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *