कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के केंपेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षाकर्मियों ने तस्करी की एक अनोखी कोशिश को नाकाम कर दिया है। सीआईएसएफ (CISF) के जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए दो यात्रियों के पास से लगभग 260 ग्राम सोने का मेटल पाउडर जब्त किया है। दोनों यात्रियों ने इस पाउडर को बेहद चालाकी से अपनी पैंट के अंदर छिपा रखा था। अधिकारियों ने दोनों को अहमदाबाद जाने वाली फ्लाइट से उतारकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया है।
बैंकॉक से आए थे दोनों यात्री
सुरक्षा एजेंसियों से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह टर्मिनल-1 के सुरक्षा जांच क्षेत्र (SHA) में तैनात सीआईएसएफ जवानों को दो संदिग्ध यात्रियों पर शक हुआ। गहन पूछताछ में उनकी पहचान लक्ष्मण देवडिगा और राघवेंद्र देवडिगा के रूप में हुई, जो भारतीय नागरिक हैं। दोनों आरोपी इंडिगो की फ्लाइट से बैंकॉक से बेंगलुरु पहुंचे थे और यहां से उन्हें कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़कर अहमदाबाद के लिए रवाना होना था।
पैंट के अंदर बेल्ट वाले हिस्से में छुपाया था पाउडर
संदेह होने पर सीआईएसएफ के सब-इंस्पेक्टर दीपक कुमार मिश्रा ने दोनों यात्रियों की अलग ले जाकर बारीकी से तलाशी ली। जांच के दौरान जवानों को उनकी पैंट के कमर वाले हिस्से में सिली हुई जगह से सोने के मेटल पाउडर के दो पैकेट बरामद हुए। बरामद सामान का कुल वजन 260 ग्राम के आसपास दर्ज किया गया। मामला साफ होने के बाद सीआईएसएफ ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर दोनों को पुलिस को सौंप दिया।
हाल ही में दिल्ली में मिली थी बंदर की खोपड़ी
हवाई अड्डों पर सुरक्षा जांच के दौरान अजीबोगरीब चीजें मिलने का यह कोई पहला मामला नहीं है। हाल ही में दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी हड़कंप मच गया था, जब सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री के हैंड बैग से बंदर की खोपड़ी बरामद हुई थी। वह यात्री दिल्ली से हैदराबाद जा रहा था, जिसे बाद में वन्यजीव और कानूनी नियमों के तहत पुलिस के हवाले कर दिया गया था।