नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 राष्ट्रीय महासचिव और 16 राष्ट्रीय सचिवों समेत कई अहम पदों पर नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। नई टीम में वसुंधरा राजे, राम माधव, स्मृति ईरानी, बैजयंत पांडा और विनोद तावड़े जैसे प्रमुख नेताओं को जगह मिली है।
नितिन नवीन की नई टीम में राज्यों के प्रतिनिधित्व पर भी खास जोर दिया गया है। दिल्ली के बाद उत्तर प्रदेश को सबसे अधिक तवज्जो मिली है। टीम में दिल्ली के 10 और उत्तर प्रदेश के 8 नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा मध्य प्रदेश के 6, राजस्थान, महाराष्ट्र और गुजरात के 4-4 नेताओं को संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका मिली है।
यूपी से इन नेताओं को मिली जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश से रेखा वर्मा और प्रो. तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं स्मृति ईरानी और हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. भोला सिंह और संगीता यादव राष्ट्रीय सचिव बनाए गए हैं। इसके अलावा अमरपाल मौर्य को भाजपा ओबीसी मोर्चा और कुंवर बासित अली को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है।
दिल्ली के नेताओं का भी दबदबा
नई टीम में दिल्ली से राम माधव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, बीएल संतोष को राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) और सुनील बंसल को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। डॉ. संदीप पाठक, डॉ. स्वदेश सिंह और जय प्रकाश को राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा मीडिया और सोशल मीडिया से जुड़े पदों पर भी दिल्ली के नेताओं को शामिल किया गया है।
राजस्थान से वसुंधरा राजे को बड़ी जिम्मेदारी
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। सतीश पूनिया को राष्ट्रीय महासचिव, राजेश मंगल को राष्ट्रीय संयुक्त कोषाध्यक्ष और डॉ. मन्नालाल रावत को एसटी मोर्चा अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
महाराष्ट्र से डॉ. भारती प्रवीण पवार राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, विनोद तावड़े राष्ट्रीय महासचिव और पीयूष गोयल राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाए गए हैं। वहीं गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, पंजाब, हरियाणा और अन्य राज्यों को भी नई टीम में प्रतिनिधित्व मिला है।
दक्षिण भारत से भी कई नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु से नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में जगह मिली है। पूर्वोत्तर राज्यों से भी प्रतिनिधित्व बढ़ाया गया है।
BJP की नई राष्ट्रीय टीम में क्षेत्रीय संतुलन के साथ संगठनात्मक अनुभव और विभिन्न राज्यों के नेताओं को शामिल करने की कोशिश दिखाई देती है। आने वाले चुनावों को देखते हुए नई टीम की भूमिका पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।