बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जीत के बाद जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर की मुंबई यात्रा ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। बुधवार रात मुंबई पहुंचे प्रशांत किशोर ने गुरुवार को महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री और एनसीपी नेता सुनित्रा पवार तथा पार्थ पवार के साथ करीब छह घंटे तक बंद कमरे में लंबी बैठक की। इस बैठक को महाराष्ट्र की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के संदर्भ में काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हालांकि बैठक के बाद किसी भी पक्ष ने आधिकारिक तौर पर बातचीत के विषयों का खुलासा नहीं किया, लेकिन राजनीतिक सूत्रों के अनुसार चर्चा का केंद्र एनसीपी के संगठन को मजबूत करना, पार्टी की चुनावी रणनीति और भविष्य के राजनीतिक रोडमैप को लेकर था। माना जा रहा है कि आगामी जिला परिषद, नगर निकाय और पंचायत चुनावों को देखते हुए पार्टी अपने संगठनात्मक ढांचे में बड़े बदलाव की तैयारी कर रही है।
सूत्रों का कहना है कि एनसीपी नेतृत्व राज्य में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए नए राजनीतिक और संगठनात्मक विकल्पों पर विचार कर रहा है। इस दौरान पार्टी के महिला, युवा और छात्र संगठनों में हाल ही में की गई नियुक्तियों की भी समीक्षा हुई। इन नियुक्तियों को संगठन विस्तार और नए नेतृत्व को आगे बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रशांत किशोर चुनावी रणनीति के क्षेत्र में एक बड़ा नाम हैं और कई राज्यों में उनकी रणनीतियां सफल साबित हुई हैं। ऐसे में एनसीपी यदि भविष्य के चुनावों में उनकी सलाह लेती है तो इसका असर पार्टी की चुनावी दिशा पर पड़ सकता है।
बैठक को लेकर एक और चर्चा यह है कि एनसीपी राज्य संगठन में नेतृत्व परिवर्तन पर भी विचार कर सकती है। कुछ सूत्रों का दावा है कि पार्टी ऐसे व्यक्ति को संगठन की कमान सौंपने पर विचार कर रही है जो वर्तमान में कोई निर्वाचित जनप्रतिनिधि न हो। हालांकि इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रशांत किशोर और पवार परिवार के बीच पुराने संबंधों को देखते हुए यह मुलाकात आने वाले समय में महाराष्ट्र की राजनीति में नई संभावनाओं का संकेत मानी जा रही है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि यह बैठक केवल सलाह-मशवरे तक सीमित रहती है या फिर इससे किसी बड़े राजनीतिक बदलाव की शुरुआत होती है।