लखनऊ। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा निर्गत निर्देश एवं निर्धारित निरीक्षण बिंदुओं के अनुपालन में खाद्य पदार्थ खुले एवं पैक्ड तथा साबुत एवं पिसे मसालों में मिलावट पर प्रभावी रोकथाम हेतु प्रदेश व्यापी औचक निरीक्षण एवं विशेष छापामार प्रवर्तन अभियान संचालित किया गया।
इस प्रदेशव्यापी विशेष अभियान के अंतर्गत निर्माण इकाइयों, थोक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों एवं गोदामों का सघन निरीक्षण किया गया। अभियान की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए अधिकारियों द्वारा खाद्य सुरक्षा मानकों, स्वच्छता व्यवस्था, कच्चे माल की गुणवत्ता, अभिलेखों के अनुरक्षण, पैकेजिंग एवं लेबलिंग प्रावधानों तथा संभावित अपमिश्रण की जांच करते हुए प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही सुनिश्चित की गई।
खुले एवं पैक्ड तथा साबुत एवं पिसे मसालों पर विशेष अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 1055 नमूने संग्रहित किए गए, जिन्हें परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है। साथ ही 419.75 क्विंटल मसालों को जब्त किया गया, जिनका अनुमानित मूल्य लगभग ₹67,78,290 (सरसठ लाख अट्हत्तर हजार दो सौ नब्बे) है। इसके अतिरिक्त अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में संग्रहीत एवं मानव उपभोग हेतु अनुपयुक्त पाए गए 80.47 क्विंटल मसालों का विनष्टीकरण कराया गया, जिनका अनुमानित मूल्य लगभग ₹14,78,000 (चौदह लाख अट्हत्तर हजार) है।अभियान में की गई प्रमुख कार्यवाहियां
1- लखनऊ- काकोरी स्थित स्पाइस क्रॉफ्ट फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी की विनिर्माण इकाई से कालातीत 33.39 कुंतल मसाले ,मूल्य 13,67,400/- रुपए है, सीज किया गया तथा प्रतिष्ठान से कुल 6 नमूने लिए गए, सहादतगंज स्थित एक विनिर्माण इकाई में रंग का प्रयोग करने के कारण मौके पर संग्रहीत धनिया एवं चिली पाउडर के साथ कुल 8 नमूने एकत्रित करते हुए कुल 864 किलोग्राम मसाले, मूल्य 1,05,920/- सीज किये गए, कन्हैया माधोपुर स्थित अवध इंडस्ट्रीज से कुल 9 नमूने संग्रहित करते हुए 88,770/- रुपए के मसाले सीज किए गए, बिजी फूड इंडस्ट्रीज हसनपुर से Tesmi ब्रांड के कुल 6 नमूने संग्रहित करते हुए 2 कुंतल मसाले, मूल्य ₹70,000/-रुपया सीज किए गए है। जैन मन्दिर मार्ग लाहौर गंज, इरादत नगर, लखनऊ स्थित तुषार स्पाइसेस एण्ड फूड प्रोडेक्ट्स से 06 नमूने संग्रहित करते हुए 90.83 कुन्तल मसाले मूल्य रु0 6,67,230/- सीज किये गये ।