नई दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों के लिए मौसम को लेकर ताजा चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार इस सप्ताह पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारीबारिश होने की संभावना है, जबकि उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में अगले दो दिनों तक लू का प्रकोप जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
आईएमडी के अनुसार 27 से 29 जून के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अत्यधिक वर्षा होने की संभावना है। वहीं 28 जून को असम और मेघालय के कुछ इलाकों में भी बहुत भारी बारिश का अनुमान है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहां कुछ स्थानों पर 21 सेंटीमीटर से अधिक वर्षा दर्ज हो सकती है। इसके अलावा असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, विदर्भ और पूर्वी मध्य प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून की उत्तरी सीमा इस समय सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज और मोतिहारी से होकर गुजर रही है। हालांकि अगले तीन से चार दिनों में परिस्थितियां अनुकूल बनने की संभावना है, जिससे मानसून गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के शेष हिस्सों के साथ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भी आगे बढ़ सकता है।
हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पश्चिमी मध्य प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, केरल और तटीय कर्नाटक में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
आईएमडी का कहना है कि अगले तीन से चार दिनों तक देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। मध्य भारत में 2 से 3 डिग्री और पूर्वी भारत में 1 से 3 जुलाई के बीच 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक तापमान में गिरावट आने का अनुमान है।
इस बीच राजधानी दिल्ली में शनिवार को भीषण गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान किया। सफदरजंग मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नमी के कारण हीट इंडेक्स 48.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए मंगलवार और बुधवार को येलो अलर्ट जारी करते हुए गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। रविवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा दोपहर या शाम के समय 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।