अब न्याय किससे मांगा जाए? पुलिस और सोशल मीडिया की साजिश से युवती की बदनामी का आरोप

अपराध टॉप -न्यूज़ न्यूज़

भोपाल। राजधानी भोपाल से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस की कार्यप्रणाली और सोशल मीडिया की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि एक युवती को बदनाम करने के लिए पुलिस, एक एनआरआई बुजुर्ग और एक सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर के बीच कथित रूप से साजिश रची गई, जिसके चलते उसकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।

जानकारी के अनुसार मामला कोलार थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि एनआरआई डॉक्टर नरेश शर्मा ने अपने पारिवारिक विवाद को लेकर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उनका विवाद उनके भांजे एडवोकेट नीतीश त्रिपाठी से चल रहा था। आरोप है कि इस विवाद में भांजे के साथ-साथ उनके करीबी लोगों को भी निशाना बनाया गया।

इसी क्रम में एडवोकेट प्रगति श्रीवास्तव का नाम भी मामले में सामने आया। प्रगति, नीतीश त्रिपाठी की जूनियर और इंटर्न रह चुकी हैं। सूत्रों के मुताबिक, उनका विवाद से सीधा संबंध नहीं था, लेकिन शिकायत में उन्हें भी सहयोगी आरोपी के रूप में शामिल कर लिया गया।

आरोप यह भी है कि मामले को गंभीर दिखाने के लिए युवती के खिलाफ कई मनगढ़ंत बातें प्रचारित की गईं। इसके लिए एक सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर का सहारा लिया गया, जिसने कथित रूप से युवती की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर दिए। इससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची और उसे मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ा।

युवती का कहना है कि उसकी अनुमति के बिना उसकी तस्वीरों और निजी जानकारी का इस्तेमाल किया गया, जो उसके अधिकारों का उल्लंघन है। साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री के कारण उसकी छवि को नुकसान पहुंचा है।

मामले को लेकर प्रगति श्रीवास्तव ने साइबर पुलिस से शिकायत की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा की गई सामग्री को हटाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सूत्रों के अनुसार, वह संबंधित सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करने की भी तैयारी कर रही हैं।

फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस या संबंधित पक्षों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी। हालांकि, यह मामला एक बार फिर यह सवाल जरूर खड़ा करता है कि किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा से जुड़े मामलों में कानून और सोशल मीडिया की जिम्मेदारी कितनी महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *