अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने दावा किया कि दोनों देशों के बीच लागू सीजफायर अभी भी जारी है, हालांकि हाल के दिनों में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास सैन्य झड़पें देखने को मिली हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर यह सीजफायर टूटा तो उसका असर पूरी दुनिया देखेगी।
वॉशिंगटन में मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि हालात अभी नियंत्रण में हैं, लेकिन अगर ईरान ने दोबारा हमला किया तो अमेरिका बेहद कड़ा जवाब देगा। उन्होंने कहा, “अगर सीजफायर खत्म हुआ तो आपको अलग से बताने की जरूरत नहीं पड़ेगी, दुनिया खुद उसका असर देख लेगी।”
ट्रंप ने आरोप लगाया कि ईरान ने हाल ही में अमेरिका के युद्धपोतों को निशाना बनाने की कोशिश की थी। अमेरिकी सेंट्रल कमांड यानी CENTCOM के मुताबिक, अमेरिकी नौसेना के तीन युद्धपोत स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे थे, तभी उन पर मिसाइल, ड्रोन और छोटी नावों से हमला किया गया। हालांकि अमेरिकी सेना ने दावा किया कि सभी हमलों को समय रहते नाकाम कर दिया गया और किसी भी जहाज को नुकसान नहीं पहुंचा।
अमेरिका ने जिन युद्धपोतों का जिक्र किया उनमें यूएसएस ट्रक्सटन, यूएसएस राफेल पेराल्टा और यूएसएस मेसन शामिल हैं। ये जहाज ओमान की खाड़ी की ओर बढ़ रहे थे। अमेरिकी सेना के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में ईरान के कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया और हमले में शामिल कई छोटी नावों को तबाह कर दिया गया।
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर भी इस घटना को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि अमेरिकी सेना पूरी तरह तैयार है और किसी भी हमले का जवाब देने में सक्षम है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी डिफेंस सिस्टम ने मिसाइलों और ड्रोन को हवा में ही नष्ट कर दिया।
हालांकि सख्त बयान देने के बावजूद ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान के साथ बातचीत की संभावना अभी खत्म नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच किसी समझौते की उम्मीद अब भी बनी हुई है और भविष्य में हालात सुधर सकते हैं।
दूसरी ओर, इस तनाव का असर पूरी दुनिया पर पड़ सकता है, क्योंकि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों में से एक माना जाता है। यहां से बड़ी मात्रा में तेल की सप्लाई होती है। अगर इस क्षेत्र में संघर्ष बढ़ता है तो वैश्विक बाजार और तेल की कीमतों पर भी असर पड़ सकता है।